BJP को बड़ा झटका, MP के 2 सांसदों को दक्षिण में मिली करारी शिकस्त, कुरियन केरल और मुरुगन तमिलनाडु में हारे

Big Defeat For BJP: MP से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और जॉर्ज कुरियन को विधानसभा चुनाव में हार मिली है। जॉर्ज केरल की कांजीरापल्ली और मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी सीट से हार गए।
L Murugan and George Kurien lose
एल मुरुगन और जॉर्ज कुरियन (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MP Political News: मध्य प्रदेश कोटे से राज्यसभा पहुंचे दो केंद्रीय मंत्रियों को दक्षिण भारत के विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। एल. मुरुगन और जॉर्ज कुरियन दोनों ही अपने-अपने राज्यों में जीत दर्ज करने में असफल रहे, जिससे भाजपा को राजनीतिक झटका लगा है।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को भाजपा ने केरल की कांजीरापल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। ईसाई बहुल इस क्षेत्र में पार्टी को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वे मुख्य मुकाबले से पूरी तरह बाहर नजर आए और तीसरे स्थान पर खिसक गए।

29,662 वोटों के बड़े अंतर से हार

करीब 26,984 वोट हासिल करने वाले कुरियन, एलडीएफ (LDF) और यूडीएफ (UDF) के बीच हुए सीधे मुकाबले में अपनी जमीन नहीं बचा सके। इस सीट पर कांग्रेस के रोनी के. बेबी ने शानदार जीत दर्ज की।

कांजीरापल्ली विधानसभा परिणाम

विजेता: रोनी के. बेबी (कांग्रेस) – 56,646 वोट दूसरे स्थान पर: डॉ. एन. जयराज (केरल कांग्रेस-एम) – 50,874 वोट तीसरे स्थान पर: जॉर्ज कुरियन (BJP) – 26,984 वोट

तमिलनाडु: अविनाशी सीट पर एल. मुरुगन दूसरे नंबर पर

वहीं, मध्य प्रदेश से ही राज्यसभा सांसद और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी (SC) सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे मुरुगन के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा था।

15373 वोटों से शिकस्त

मुरुगन ने मुकाबले में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन वे जीत हासिल नहीं कर सके और दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 68,836 वोट मिले, लेकिन वे विजेता से पीछे रह गए। अविनाशी सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जहां अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने बड़ा उलटफेर किया। पार्टी की उम्मीदवार कमाली एस. ने जीत दर्ज करते हुए पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया।

अविनाशी (SC) विधानसभा परिणाम

विजेता: कमाली एस. (TVK) – 84,209 वोट दूसरे स्थान पर: एल. मुरुगन (BJP) – 68,836 वोट तीसरे स्थान पर: डॉ. गोकिलामनी वी. (DMK) – 65,530 वोट

राजनीतिक मायने

इन दोनों हारों को भाजपा के लिए दक्षिण भारत में चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। जहां केरल में पारंपरिक एलडीएफ-यूडीएफ मुकाबले के बीच भाजपा जगह नहीं बना सकी, वहीं तमिलनाडु में क्षेत्रीय दलों और नई राजनीतिक ताकतों के उभार ने पार्टी की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com