मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट, मानसून की लेट एंट्री से बदले हालात

Madhya Pradesh Weather News : मध्य प्रदेश में 26 जून तक लू, उमस और आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मानसून की एंट्री भी देरी से होने की संभावना है।
MP Heatwave Alert
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MP Heatwave Alert: मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी, वहीं कुछ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की रफ्तार धीमी होने और प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ने से उमस और तापमान दोनों बढ़ गए हैं।

मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के कई जिलों में अगले चार दिन तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है। सोमवार को नरसिंहपुर, मंडला, उमरिया, डिंडौरी और जबलपुर में दिन के समय गर्म हवाएं चल सकती हैं। हालांकि शाम के बाद मौसम बदलने और हल्की बारिश या तेज हवाएं चलने के संकेत हैं।

इन जिलों में भी रहेगा गर्मी का असर

प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, रतलाम और आसपास के जिलों में भी गर्मी का असर बना रहने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में दिनभर तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

इन इलाकों में आंधी और बारिश

दूसरी ओर, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, कटनी, दमोह, सागर और विदिशा समेत 20 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

बारिश के कारण गिरा तापमान

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आया। रायसेन में सबसे ज्यादा करीब 61 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भोपाल और सतना में भी तेज बारिश हुई, जबकि जबलपुर, सिवनी, खजुराहो और नौगांव में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भोपाल का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर 37.1 डिग्री, उज्जैन 36 डिग्री, ग्वालियर 39.7 डिग्री और जबलपुर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दतिया प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 40.6 डिग्री तक पहुंच गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मानसून की लेट एंट्री

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य समय से करीब एक सप्ताह देरी से पहुंच रहा है। आमतौर पर 15 जून तक प्रदेश में मानसून की एंट्री हो जाती है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है। विभाग का अनुमान है कि 25 जून के बाद मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल मानसून तेलंगाना क्षेत्र में धीमा पड़ा हुआ है और 23 जून तक इसके छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com