

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी आंधी और बारिश के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को रीवा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना जैसे शहरों में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के 21 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र भोपाल ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
वहीं दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को नर्मदापुरम और श्योपुर में दिन के समय बारिश हुई, जबकि शाम को टीकमगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं आंधी का असर देखने को मिला। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.3 डिग्री, इंदौर में 39.9 डिग्री, जबलपुर में 40.1 डिग्री और उज्जैन में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं नरसिंहपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42.4 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम की वजह से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। हालांकि 10 और 11 मई से गर्मी फिर तेज हो सकती है। प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार आंधी-बारिश का दौर जारी है। मई की शुरुआत से ही कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल रही है, जिससे इस बार गर्मी का असर कुछ कम हुआ है।