

KamalNath On Petrol Price Hike: बीते 12 दिनों में देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में 4 बार बढ़ोतरी हो चुकी है। 4 बार में पेट्रोल और डीजल करीब 8 रुपए महंगा हो चुका है। ऐसे में आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने X पर पोस्ट कर लिखा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर डीजल, पेट्रोल और CNG की कीमतों में जो वृद्धि की जा रही है, वह सीधे-सीधे सरकार द्वारा जनता की लूट है।
उन्होंने लिखा सरकारी आंकड़े खुद इस बात की गवाही देते हैं कि एक तरफ सरकार डीजल और पेट्रोल पर प्रति लीटर कम से कम 30 रुपए टैक्स वसूल कर रही है। दूसरी तरफ पेट्रोलियम पदार्थ बेचने वाले कंपनियों के खुद के आंकड़े बताते हैं कि इन कंपनियों ने न सिर्फ पिछले कुछ सालों में बल्कि इस साल भी लाखों करोड़ रुपए मुनाफा कमाया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने लिखा पिछली तिमाही में ही तेल कंपनियों ने 28 से 78% तक मुनाफा कमाया है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम थी तब सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करके जनता को राहत पहुंचा सकती थी, लेकिन राहत पहुंचाने के बजाय पेट्रोलियम कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अब जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी वृद्धि हुई है तो सारा बोझ जनता के ऊपर डाला जा रहा है, जबकि सरकार अपना टैक्स और पेट्रोलियम कंपनियां अपना थोड़ा मुनाफा कम करके देश की जनता को राहत पहुंचा सकती हैं।
एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर 2023 तक 19 महीने में कच्चे तेल के दाम 29% घटकर 77 डॉलर के करीब आ गए थे। इस दौरान तेल कंपनियों ने खूब लाभ कमाया, लेकिन तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटाए। रिपोर्ट में दावा है कि 2023-24 की पहली छमाही में IOCL, BPCL और HPCL का मुनाफा बढ़कर 1.32 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया, लेकिन इन कंपनियों ने इसका लाभ जनता को नहीं दिया और अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होने पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है।