

Jabalpur Crime News: धनवंतरी नगर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित एक होटल में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला दो दिन पहले एक युवक के साथ होटल में रुकी थी, लेकिन घटना के बाद युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर शराब दुकान के पास स्थित होटल रिलेक्स इन में 6 मई को दमोह निवासी मुत्थु बंसल एक महिला के साथ पहुंचा था। युवक ने महिला को अपनी पत्नी बताते हुए होटल में कमरा बुक कराया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने और ऑर्डर नहीं मिलने पर होटल स्टाफ को शक हुआ। जब कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और महिला बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी, जबकि उसके साथ आया युवक मौके से गायब था।
होटल कर्मचारियों ने महिला को उठाने की कोशिश की तो उसके मुंह और नाक से खून निकलता दिखाई दिया। यह देखकर स्टाफ घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला को संभवतः जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर मारपीट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि होटल प्रबंधन ने महिला का कोई पहचान पत्र नहीं लिया और न ही उसका नाम-पता दर्ज किया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस महिला की पहचान करने के साथ ही उसके साथ होटल में रुके युवक मुत्थु बंसल की तलाश में जुट गई है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।