

Bhopal Gopalak Sammelan : मध्यप्रदेश में दुग्ध क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में 35 हजार से अधिक गौपालकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
सम्मेलन के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। योजना के तहत डेयरी यूनिट स्थापित करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया और बैंक के माध्यम से ऋण व्यवस्था का प्रावधान है।
अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला और शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र का भी शुभारंभ होगा।
सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत और संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव और भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि का ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से वितरण किया जाएगा।
यह अनुदान राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के समुचित व्यवस्थापन, आहार और भरण-पोषण के लिए दी जाती है। गौपालक सम्मेलन के जरिए दुग्ध उत्पादन, डेयरी प्रसंस्करण और सहकारी क्षेत्र से जुड़े कई प्रोजेक्टों को आगे बढ़ाने की तैयारी है। केंद्र सरकार के स्तर पर डेयरी क्षेत्र में सहकारी ढांचे को मजबूत करने और प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।