दतिया उपचुनाव: भाजपा बोली- सब सामान्य तो कांग्रेस ने कहा- 'पार्टी विद ए डिफरेंस' की सच्चाई आई सामने

Datia Ticket Controversy:दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। BJP ने संगठन में एकजुटता का दावा किया, जबकि कांग्रेस ने इसे भाजपा की अंदरूनी कलह बताया।
Datia By Election BJP Congress Clash
शाहवर आलम और पीसी शर्मा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Datia By Election BJP Congress Clash : दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा जहां संगठन में सब कुछ सामान्य होने और कार्यकर्ताओं के एकजुट होने का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे भाजपा की अंदरूनी कलह का प्रमाण बता रही है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शाहवर आलम ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रत्याशी का नामांकन तय कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा और चुनाव में भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

संगठन के साथ खड़े हैं सभी कार्यकर्ता

नरोत्तम मिश्रा को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर शाहवर आलम ने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व ने तलब नहीं किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं का अपने नेता के प्रति भावनात्मक जुड़ाव होने के कारण कुछ समय के लिए स्थिति बनी थी, लेकिन अब सभी कार्यकर्ता संगठन के निर्णय के साथ खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसी भी पदाधिकारी का इस्तीफा स्वीकार नहीं करेगी और संगठन सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेगा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेगी पुलिस

समर्थकों पर दर्ज एफआईआर को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन का विषय है। यदि किसी ने नियमों का उल्लंघन किया है तो पुलिस अपनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करेगी। संगठनात्मक स्तर पर आगे क्या निर्णय होगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।

शीर्ष नेताओं के खिलाफ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के दावों पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा खुद को "पार्टी विद ए डिफरेंस" कहती है, लेकिन दतिया में उसी पार्टी के कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेताओं के खिलाफ सड़क पर उतर आए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को यह कहना पड़ रहा है कि किसी का इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा, तो इससे साफ है कि पार्टी के भीतर असंतोष गहरा है।

विवाद का कांग्रेस को होगा लाभ

पीसी शर्मा ने दावा किया कि दतिया में भाजपा के भीतर मचा विवाद कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से लाभकारी साबित होगा। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पीडब्ल्यूडी के कथित टेंडर घोटाले को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

'दिल्ली मत जाइएगा, डबरा जाइए'

इधर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पिछले तीन महीने से चुनावी तैयारी में जुटी है, जबकि भाजपा अब रणनीति बना रही है। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा के दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए कहा, "दिल्ली मत जाइए, डबरा जाइए।" सिंघार ने दावा किया कि भाजपा में अंदरूनी असंतोष है, जबकि कांग्रेस संगठन के दम पर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

बीजेपी को घेरने में जुटी कांग्रेस

दतिया उपचुनाव के बीच टिकट विवाद अब चुनावी मुद्दा बनता जा रहा है। भाजपा इसे आंतरिक मामला बताते हुए एकजुटता का संदेश दे रही है, जबकि कांग्रेस इसे भाजपा की अंदरूनी खींचतान बताकर जनता के बीच बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में जुटी है।

https://youtube.com/shorts/khcQW8JSKvo?si=0mAsVMhw4OWw0q0n

Navbharat Live
navbharatlive.com