रक्षाबंधन से पहले CM मोहन यादव का बड़ा तोहफा, 57 लाख से ज्यादा हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 310 करोड़ रुपए

MP Government Scheme : CM मोहन यादव ने रक्षाबंधन से पहले 35.25 लाख बुजुर्गों और 22.20 लाख महिलाओं के खातों में ₹310 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर किए।
CM Mohan Yadav Transfer Money
सीएम मोहन यादव ने हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर किए रुपए(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

CM Mohan Yadav Transfer ₹310 Crore : भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन और सावन के त्योहार से पहले प्रदेश की महिलाओं और बुजुर्गों को बड़ा तोहफा दिया। मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस दौरान 35.25 लाख से ज्यादा बुजुर्गों और 22.20 लाख से अधिक महिलाओं को कुल 310 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि का लाभ मिला।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपए ट्रांसफर किए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पेंशन की राशि भले ही छोटी हो, लेकिन बुजुर्गों के लिए यह बड़ा सहारा है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान सरकार को लोक कल्याण के काम करने की नई ऊर्जा देती है।

22.20 लाख बहनों को गैस सब्सिडी का तोहफा

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की राशि ट्रांसफर की गई। सरकार के मुताबिक करीब 99 करोड़ रुपए की यह राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री ने इसे रक्षाबंधन से पहले बहनों के लिए सरकार का उपहार बताया और कहा कि सावन का महीना बहनों के लिए विशेष महत्व रखता है।

सरकार के अंतिम लक्ष्य में अंत्योदय

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलों के हितग्राहियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और हर घर में खुशहाली लाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की राशि सीधे खातों में पहुंचने से हितग्राहियों को पारदर्शी तरीके से लाभ मिल रहा है।

त्योहारों से पहले बहनों और बुजुर्गों को राहत

रक्षाबंधन और सावन के त्योहारों से पहले खाते में राशि पहुंचने से लाखों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। एक तरफ बुजुर्गों को जुलाई महीने की पेंशन मिली, वहीं उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं को दो महीने की गैस रिफिल सब्सिडी का लाभ मिला। सरकार का कहना है कि सीधे बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करने से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहती है।

CM Mohan Yadav Transfer Money
MP में ‘नकली’ पनीर पर नकेल की तैयारी: एनालॉग पनीर की बिक्री पर लगेगा बैन, महाराष्ट्र में लग चुकी है रोक

हर घर तिरंगा फहराने की अपील

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल की कृपा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा अभियान' में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया और सभी को रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com