

Bhopal News: भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड महिला जज की बहू की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को मृतका ट्विशा शर्मा के मायके पक्ष के लोग महिला थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने 13-14 मई की दरमियानी रात कथित तौर पर अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। ट्विशा की शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील सामर्थ सिंह से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके पक्ष का दावा है कि ट्विशा गर्भवती थी और मौत से कुछ देर पहले उसने अपनी मां और भाई को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिजनों के मुताबिक उसने कहा था कि वह अब और प्रताड़ना सहन नहीं कर सकती। बताया जा रहा है कि उसने नोएडा लौटने के लिए ट्रेन टिकट भी बुक कर लिया था।
मृतका के भाई, जो भारतीय सेना में मेजर बताए जा रहे हैं, ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि ट्विशा पर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे बेरोजगारी व गर्भावस्था को लेकर ताने दिए जाते थे।
इधर महिला थाना पहुंचकर परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामला दर्ज करने में देरी कर रही है। वहीं महिला थाना प्रभारी का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद ही FIR दर्ज की जाएगी। पुलिस फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
मामले में मायका पक्ष इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और ससुराल पक्ष पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच करने की बात कह रही है।