

Bhopal Global Investors Summit 2027: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपतियों का जमावड़ा लगने जा रहा है। राज्य सरकार आगामी जनवरी 2027 में दूसरी 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' (जीआईएस) आयोजित करने की तैयारियों में जुट गई है।
इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किए जाने की संभावना है। उद्योग विभाग और मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (MPIDC) ने इसके लिए ज़मीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि पहली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट फरवरी 2025 में आयोजित की गई थी, जिसका उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उस दो दिवसीय समिट और रीजनल इन्वेस्टर्स समिट्स को मिलाकर प्रदेश को कुल 30.77 लाख करोड़ रुपए के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव मिले थे। इसमें सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव अडाणी समूह का था, जिसने अकेले 1.10 लाख करोड़ रुपए के निवेश की प्रतिबद्धता जताई थी। अधिकारियों को पूरी उम्मीद है कि इस बार एमपी की बेहतर नीतियों के चलते निवेश प्रस्तावों का यह आंकड़ा पिछले मुकाबले सीधे दोगुना हो सकता है।
पिछली बार यह समिट राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित हुई थी, जिसके लिए शहर के सौंदर्यीकरण पर 100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए थे। इस बार आगंतुकों और बड़े निवेशकों की संभावित संख्या को देखते हुए तीन नए स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है बता दें कि इनमें से किसी एक स्थल का अंतिम चयन आमंत्रित मेहमानों की संख्या के आधार पर किया जाएगा।
हाल ही में हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने आयोजन को और अधिक व्यवस्थित बनाने पर चर्चा की। बैठक के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी ने पिछली समिट के दौरान सामने आईं तकनीकी दिक्कतों और ध्वनि (साउंड) संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया। प्रशासन का पूरा जोर इस बार इन तकनीकी खामियों को पूरी तरह दूर करने पर है।
नए निवेशकों को आकर्षित करने और रोज़गार के अवसर बढ़ाने के लिए एमपीआईडीसी (एमपीआईडीसी) कोलार रोड स्थित सतगढ़ी के पास 172 एकड़ ज़मीन पर एक नया 'मल्टी-प्रोडक्ट औद्योगिक क्षेत्र' विकसित कर रहा है। इस नए हब में विशेष रूप से तीन क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और रेडीमेड गारमेंट्स।