भोपाल नगर निगम मुख्यालय तैयार, 43 करोड़ की लागत से बना है 'अटल भवन', आज सीएम करेंगे उद्घाटन

Atal Bhawan Inauguration: भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। अटल भवन के निर्माण में 43 करोड़ रुपए की लागत आई है। मुख्यमंत्री इस मुख्यालय का आज उद्घाटन करेंगे।
Bhopal Atal Bhawan
अटल भवन (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhopal Municipal Corporation News: भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय अब पूरी तरह तैयार है। तुलसी नगर (सेकंड स्टॉप) स्थित इस अत्याधुनिक भवन का नाम 'अटल भवन' रखा गया है, जिसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। लगभग 43 करोड़ रुपए की लागत से बने इस भवन में अब नगर निगम के सभी विभाग एक ही छत के नीचे काम करेंगे।

अब तक नागरिकों को अलग-अलग कामों के लिए शहर के विभिन्न नगर निगम दफ्तरों में जाना पड़ता था, लेकिन नए मुख्यालय में सभी प्रमुख विभाग एक ही जगह शिफ्ट कर दिए गए हैं। इसमें जलकार्य, सीवेज, राजस्व, भवन अनुज्ञा, अतिक्रमण, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन समेत कई शाखाएं शामिल हैं। ग्राउंड फ्लोर पर जनसुविधा केंद्र बनाया गया है, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की जानकारी और सेवाएं मिलेंगी।

ग्रीन बिल्डिंग और सोलर एनर्जी से लैस

'अटल भवन' को ग्रीन कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है। यह मध्य प्रदेश की पहली नगरीय निकाय बिल्डिंग है, जो जियोथर्मल तकनीक से लैस है। परिसर में लगे सोलर पैनलों से लगभग 300 किलोवाट बिजली उत्पादन की क्षमता है।

विभागों का फ्लोर वाइज बंटवारा

  • ग्राउंड फ्लोर: जनसंपर्क, टैक्स काउंटर, विवाह पंजीकरण और बच्चों का गेम जोन
  • 1 से 4 मंजिल: महापौर कार्यालय, एमआईसी सदस्य, भवन अनुज्ञा, जलकार्य, सीवेज और राजस्व विभाग
  • 5 से 7 मंजिल: योजना, आईटी, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग
  • 8वीं मंजिल: कमिश्नर कार्यालय और स्मार्ट सिटी मुख्यालय

बिल्डिंग के निर्माण को लेकर सवाल

हालांकि, भवन को लेकर कुछ खामियां भी सामने आई हैं। पहले मीटिंग हॉल को लेकर बड़ी गलती पाई गई थी, जिसके चलते अतिरिक्त जमीन की मांग करनी पड़ी। इसके अलावा सोलर पैनल की दिशा को लेकर भी उत्पादन पर असर की आशंका जताई गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com