भोपाल के बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी का नाम बदलने पर भड़की कांग्रेस; प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने BJP सरकार को घेरा

Congress On Barkatullah University Name Change: भोपाल के बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी का नाम बदलने पर कांग्रेस ने विरोध किया, प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि नीट घोटाले से ध्यान भटका रही है भाजपा सरकार।
Barkatullah University Name Change Dispute Congress Target BJP Government
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना (सोर्स- नवभारत डिजाइन)
Published on
Updated on

Barkatullah University Name Change Dispute: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने भोपाल के बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय का नाम बदलने के सरकार के प्रयास पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विवेक त्रिपाठी ने भाजपा सरकार की मानसिकता पर सवाल उठाए और इसे छात्रों व युवाओं को गुमराह करने वाली सस्ती राजनीति करार दिया।

विवेक त्रिपाठी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अब्दुल हाफ़िज़ मोहम्मद बरकतुल्लाह की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि प्रो. बरकतुल्लाह भोपाल की माटी के लाल थे, जिन्होंने भोपाल से शिक्षा दीक्षा ग्रहण की और विदेशों में जाकर भारत की आजादी के लिए अलख जगाई।

'विकृत मानसिकता का प्रदर्शन का रही भाजपा सरकार'

विवेक त्रिपाठी ने कहा कि प्रो. बरकतुल्लाह एक महान विद्वान थे जिन्होंने अपनी लेखनी को स्वतंत्रता आंदोलन में हथियार बनाया। देश की आजादी में उनके इस अमूल्य योगदान को सम्मान देने के लिए साल 1988 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने भोपाल विश्वविद्यालय का नाम बदलकर बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय किया था। आज भाजपा सरकार एक विकृत मानसिकता का प्रदर्शन करते हुए इस महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम और योगदान को मिटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रो. बरकतुल्लाह का कसूर सिर्फ यह था कि वे एक विशेष समुदाय (मुसलमान) से आते थे, जिसके कारण उनके नाम को निशाना बनाया जा रहा है?

'सेकंड हैंड सिंहासन लगाकर परमार समाज की भावनाओं को आहत किया'

कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा दो दशक से अधिक समय से सत्ता में है और मुख्यमंत्री स्वयं पांच वर्ष तक शिक्षा मंत्री रहे, लेकिन शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसी देवी या पूजनीय नाम पर नया संस्थान स्थापित करती तो उसका स्वागत होता, लेकिन नए विश्वविद्यालय बनाने के बजाय पुराने संस्थानों के नाम बदले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजा भोज के लिए सेकंड हैंड सिंहासन लगाकर परमार समाज की भावनाओं को आहत किया है और सरकार को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

घोटालों और विफलताओं से ध्यान भटकाने की साजिश

त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि आज मध्य प्रदेश और पूरे देश में छात्रों का भविष्य अंधकार में है। पूरी शिक्षा व्यवस्था शिक्षा माफियाओं के चंगुल में है। उन्होंने कहा, "नीट (NEET) परीक्षा का महाघोटाला हो या व्यापमं जैसे काले कारनामे, भाजपा सरकार लगातार छात्रों के भविष्य को कुचलने का काम कर रही है। आज विद्यार्थी वर्ग इस सरकार से सबसे ज्यादा पीड़ित और आक्रोशित है। युवाओं और छात्रों के इसी आक्रोश और अपनी प्रशासनिक विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए सरकार इस तरह के भावनात्मक और विभाजनकारी मुद्दे उठा रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने अंत में कहा कि भोपाल और मध्य प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग बेहद समझदार है। वह भाजपा के इस कुकर्म और गुमराह करने वाली राजनीति के पीछे के असली सच को अच्छी तरह समझता है। भाजपा देश और प्रदेश के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की अपनी इस कोशिश में कभी सफल नहीं होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com