बालाघाट में छात्र ने कलेक्ट्रेट में फोड़ा पटाखा, अगले दिन एसपी ऑफिस पहुंचकर मांगी माफी, ये थी वजह

Balaghat Student Apology : बालाघाट में कलेक्ट्रेट परिसर में पटाखा फोड़कर प्रदर्शन करने वाले छात्र ने अगले दिन एसपी ऑफिस पहुंचकर माफी मांगी। बहन की परीक्षा और डिप्रेशन का हवाला देते कृत्य पर खेद जताया।
Balaghat Collectorate Firecracker Protest
पटाखा फोड़ने वाला छात्र और उसका माफीनामा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Balaghat Collectorate Firecracker Protest: बालाघाटकलेक्ट्रेट परिसर में सुतली बम फोड़कर प्रदर्शन करने वाले युवक ने अगले ही दिन अपने कृत्य पर खेद जताते हुए माफी मांग ली। युवक ने कहा कि वह दिल्ली में छात्रों के आंदोलन और अपनी बहन के भविष्य को लेकर परेशान था, जिसके कारण भावनात्मक रूप से उत्तेजित होकर उसने यह कदम उठा लिया। अब वह अपनी गलती मानते हुए दोबारा ऐसा न करने की बात कह रहा है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें युवक कलेक्ट्रेट परिसर में इंकलाब जिंदाबाद, भगत सिंह जिंदाबाद, भ्रष्टाचार मुर्दाबाद और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह दो बार सुतली बम फोड़ता भी नजर आया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

बहन की परीक्षा और डिप्रेशन का किया जिक्र

युवक ने खुद को सुजल मेश्राम (20 वर्ष), निवासी वारासिवनी, जिला बालाघाट बताया है। उसने अपने लिखित माफीनामे में कहा कि उसकी बहन रिचिका के NEET परीक्षा में 400 से अधिक अंक आए थे, लेकिन परीक्षा रद्द हो गई। दोबारा हुई परीक्षा में उसके करीब 300 अंक आए, जिसके बाद वह डिप्रेशन में चली गई। सुजल ने कहा कि इसी तनाव और दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन से प्रभावित होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में पटाखा फोड़ दिया।

“दूसरे दिन एहसास हुआ कि गलती हो गई”

माफीनामे में सुजल ने लिखा, “दूसरे दिन मुझे खेद हुआ कि मैं ऐसा काम कैसे कर सकता हूं। मैं माफी मांगने के लिए एसपी ऑफिस आया हूं। आगे से ऐसी गलती कभी नहीं होगी।” उसने प्रशासन से क्षमा मांगते हुए भविष्य में कानून का पालन करने का भरोसा भी दिया।

प्रशासन की कार्रवाई पर नजर

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक के खिलाफ कोई औपचारिक मामला दर्ज किया गया है या नहीं। प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, वायरल वीडियो और माफीनामे के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com