

RSS Office Petrol Bomb Attack: झारखंड के रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में उपयोग किए जाने वाहन के चालक और दो हमलावर भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, RSS कार्जायल पर हमला करने वाले आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से संपर्क में थे। एजेंसी, हमलावरों से सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क में थे।
हिरासत में लिए गए हमलावरों से पुलिस पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की साजिश के पहलुओं की पड़ताल कर रही है। यह घटना मंगलवार-बुधवार की रात हुई थी। कार्यालय पर हुए हमले का पूरा विडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया था। जानकारी के मुताबिक हमलावर एक किराए की कार से आए थे। पुलिस ने सबसे पहले कार चालक को हिरासत में लिया। इसके बाद ट्रेन से दिल्ली भाग रहे दो हमलावरों को बिहार के एक स्टेशन पर पकड़ लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित निर्देश दे दिया है। डीजीपी के निर्देश के बाद एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए एरिया के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की।
बुधवार को मामले की जांच के लिए एनआईए की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया था। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को मिली हैं, इसके आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और इसके पीछे उनकी कोई संगठित योजना या अन्य कारण तो नहीं थे।
हमले का वीडियो सामने आने के बाद सीसीटीवी फुटेज में दो युवक आरएसएस कार्यालय परिसर पेट्रोल बम फेंकते हुए नजर आए थे। हमले में एक पेट्रोल बम परिसर के नजदीक ही फटा था, जबकि दूसरा निष्क्रिय हो गया। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर का निरीक्षण किया है।
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आरएसएस कार्यालय और आसपास के इलाके में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। मामले पर विस्तृत जानकारी के पर अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।