छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में उतरी बीजेपी, 11 अगस्त को पूरा झारखंड रहेगा बंद, जानिए किन सेवाओं को मिली छूट

Jharkhand Bandh Today: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों के समर्थन में BJP ने 11 अगस्त को राज्यव्यापी बंद बुलाया है और CBI जांच की मांग की।
BJP Calls For Jharkhand Bandh
छात्रों के समर्थन में भाजपा ने झारखंड बंद का आह्वान किया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

BJP Calls For Jharkhand Bandh: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित घोटालों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 11 अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार की देर पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस बात का ऐलान किया। 

भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने और सोमवार के विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों पर निर्ममता से बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं।

भाजपा ने दोहराई CBI जांच की मांग 

पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग दोहराई। भाजपा नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनके अनुसार, आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की सीबीआई जांच शामिल है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए। उन्होंने आंदोलन स्थल पर लगाए गए पंडाल को हटाने के लिए भी प्रशासन पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इसके अलावा भाजपा ने JPSC-JSSC की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा।पार्टी नेताओं ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा, सहायक आचार्य, स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT) और उत्पाद सिपाही भर्ती सहित कई नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा मामले में हुई गिरफ्तारियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों का राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए सभी संबंधित मामलों की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अन्य राज्यों में छात्रों के मुद्दे उठाती है, लेकिन झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों की सीबीआई जांच की मांग पर उसका रुख स्पष्ट नहीं है।

BJP Calls For Jharkhand Bandh
JPSC Exam Scam: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षा धांधली की ED जांच शुरू, मनी ट्रेल खंगालने रांची पहुंची 5 सदस्यीय टीम

उन्होंने कहा कि 11 अगस्त को सुबह आठ बजे से देर रात तक राज्यव्यापी बंद रहेगा। स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर सहित धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले कांवरियों को बंद से मुक्त रखा गया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और सरकार को बातचीत के जरिए उनकी मांगों का समाधान करना चाहिए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों के साथ दोबारा बल प्रयोग या किसी तरह का गलत व्यवहार हुआ तो पार्टी अपना विरोध और तेज करेगी। 

Navbharat Live
navbharatlive.com