जम्मू-कश्मीर के उरी में पाकिस्तानी आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों ने घेरकर मारा, सर्च ऑपरेशन जारी

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है। उसकी पहचान पाकिस्तानी आतंकी के रूप में हुई है।
Jammu Kashmir Terrorist Encounter
(फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Pakistani Terrorist Killed: जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया गया है। यह कार्रवाई बारामूला जिले के बुच्छर इलाके में की गई। भारतीय सेना के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली खास खुफिया जानकारी के आधार पर 14 और 15 मार्च की रात घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया। ऑपरेशन के दौरान घने जंगल वाले क्षेत्र में एक संदिग्ध आतंकी की गतिविधि नजर आई।

इसके बाद सेना ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकी को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा। हालांकि, आतंकी ने जवाब में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आतंकी मारा गया।

भारतीय सेना का कहना है, "जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा घुसपैठ के प्रयास के संबंध में दी गई विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, 14-15 मार्च 2026 की दरमियानी रात को उरी सेक्टर के बुच्छर इलाके में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। सैनिकों ने झाड़ियों में एक आतंकवादी की संदिग्ध गतिविधि देखी। घात लगाकर किए गए हमले की रणनीति में बदलाव किया गया और आतंकवादी को चुनौती दी गई, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवादी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। एके राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्ध सामग्री बरामद की गई है। अभियान जारी है।"

सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक AK राइफल, एक पिस्टल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और आतंकी तो छिपे नहीं हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com