

न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (UN) में ऐतिहासिक नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह (9th International Yoga Day) में योगसत्र का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा को नमन करने के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। यह प्रतिमा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की भारत की अध्यक्षता के तहत पिछले साल दिसंबर में स्थापित की गई थी।
इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने वहां मौजूद सभी अतिथि और गणमान्य लोगों का धन्यवाद किया और हिंदी में नमस्कार के साथ सबको ग्रीट किया। पीएम ने कहा कि योग हम सबको जोड़ता है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी को देखकर प्रसन्न हूं और आने के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं। मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर राष्ट्रीयता का प्रतिनिधित्व है। योग का मतलब है जोड़ना, इसलिए योग के लिए आप और मैं साथ आ रहे हैं।
https://twitter.com/ANI/status/1671501949722853376
पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत से आया है और यह बहुत पुरानी परंपरा है। योग कॉपीराइट, पेटेंट और रॉयल्टी से फ्री है। योग आपकी आयु, लिंग और फिटनेस स्तर के अनुकूल है। योग पोर्टेबल है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल पूरी दुनिया 2023 को अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मनाने के भारत के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए एक साथ आई थी। एक बार फिर से पूरी दुनिया को योग के लिए फिर से साथ आते देखना अद्भुत है।
योगासन करने के लिए यहां जमीन पर पीले रंग की सैकड़ों 'योग मैट' बिछाई गई थी। योग के लिए विशेष रूप से तैयार की गई सफेद टी-शर्ट पहने लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। एलईडी स्क्रीन के जरिये भारतीय संस्कृति के वीडियो दिखाये गये।
मोदी ने कहा, ‘‘योग का उद्देश्य एकजुट करना है...मुझे याद है कि नौ साल पहले यहां से मुझे 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव करने का अवसर मिला था। यह देखना सुखद था कि पूरा विश्व इस विचार के समर्थन में आया।'' इस अवसर पर, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ने कहा, ‘‘योग दिवस समारोह में शामिल हो रहे सभी लोगों के लिए मैं उत्साहित हूं।''
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष कसाबा कोरोसी, हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेर, न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स सहित अन्य हस्तियां योग दिवस समारोह में शामिल हुईं। यहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए योग दिवस समारोह में 180 से अधिक देशों के लोगों ने हिस्सा लिया।