पश्चिम बंगाल: उत्तर दिनाजपुर के कलियागंज में बलात्कार के बाद नाबालिग लड़की की हत्या, शव के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज

West Bengal tension After Minor Girl Rape and Murder
ANI Photo
Published on
Updated on

कालियांगज. पश्चिम बंगाल (West Bengal) के उत्तरी दिनाजपुर जिले (North Dinajpur District) के कलियागंज (Kaliyaganj) में कथित तौर पर बलात्कार (Murder) के बाद एक नाबालिग लड़की की हत्या (Murder) कर दी गई। इस घटना को लेकर जिले में तनाव व्याप्त है। शुक्रवार को यहां स्थानीय लोगों ने शव के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

उत्तर दिनाजपुर SP सना अख्तर ने कहा, "मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शव को लेकर विरोध के चलते पुलिस को जल्द से जल्द पोस्टमार्टम के लिए शव बरामद करने के लिए आंसू गैस के गोले चलाने पड़े ताकि महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट न हों। शव के पास से जहर की बोतल बरामद हुई है। घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी।"

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किशोरी गुरुवार शाम से ही लापता थी और स्थानीय लोगों को उसका शव आज सुबह एक नहर में तैरता हुआ मिला। लड़की गुरुवार शाम को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। उसके परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों द्वारा पूरी रात तलाश किए जाने के बावजूद उसका पता नहीं चला। उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए स्थानीय लोगों ने उस समय पुलिस का विरोध किया जब वह टीम लड़की का शव बरामद करने के लिए पहुंची थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने सड़क पर यातायात बाधित कर दिया, टायर जलाए और पुलिस पर कथित तौर पर पथराव किया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, "भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हम स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।"

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना का जिक्र करते हुए राज्य में "अराजकता" होने का आरोप लगाया और अपराध के लिए राज्य पुलिस को "जिम्मेदार" ठहराया। एक सफेद चादर से ढके शव की सुरक्षा कर रहे स्थानीय लोगों का एक वीडियो पोस्ट करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अगले महीने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की प्रस्तावित यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने में व्यस्त है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने ट्वीट किया, "पश्चिम बंगाल में एक और नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या...।" उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की दुखद स्थिति क्योंकि पुलिस 'नबजोवार' के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने में व्यस्त है। दुर्भाग्य से आम लोग, खासकर महिलाओं को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही हैं। राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण अपराधियों का हौसला बढ़ रहा है।" (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com