

दिल्ली: देशभर में मानसून की विदाई के बाद सभी राज्यों में तापमान में बदलाव देखा जा सकता है। जिसकी वजह से कई जगहों पर सर्दी का अहसास होने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद कुछ राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। रात के समय दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने आज यानी 16 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश की चेतावनी भी जारी की है। वहीं, राजधानी दिल्ली में तापमान में ज्यादा अंतर देखने को नहीं मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं आने वाले दिनों में भी मौसम साफ रहेगा। इसके अलावा राज्य में रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा केरल, दक्षिण और तटीय कर्नाटक के इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तर कर्नाटक, कोकण और गोवा में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के इन इलाकों में बारिश के कारण आम जीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद अब राज्य में हल्की ठंड का आगमन हो सकता है। उदयपुर और कोटा संभाग में कल हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। आने वाले हफ्ते में तापमान में अंतर देखने को मिल सकता है और ठंड बढ़ सकती है।