आज का मौसम: 19 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलों का तांडव! दिल्ली-यूपी में गिरा पारा, जानिए आपके राज्य का हाल

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देशभर के मौसम में बड़ा उलटफेर हुआ है। मौसम विभाग ने 21 मार्च को दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 19 राज्यों में आंधी, बारिश और ओले का अलर्ट जारी किया है।
weather update today
फोटो- AI
Published on: 
Updated on: 

Weather Update 21 March 2026: उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में जहां मार्च की शुरुआत में तापमान बढ़ने लगा था, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है और कई राज्यों में मार्च के मध्य में ही ठंड की वापसी जैसा अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज यानी 21 मार्च को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के डेढ़ दर्जन राज्यों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है।

19 राज्यों के जारी किया गया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में मौसम का उग्र रूप देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अलर्ट है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। यह बदलाव इतना व्यापक है कि अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है।

दिल्ली-यूपी में बारिश और ओलों का ‘प्रकोप’

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। आज भी दिल्ली के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और 23 मार्च को फिर से बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां के लिए 'ओलावृष्टि' की विशेष चेतावनी जारी की गई है। कानपुर, लखनऊ और मेरठ जैसे शहरों में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद अब अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। यूपी में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, बिहार-मध्य प्रदेश में ओलों की ‘वार्निंग’

पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर अभी भी कायम है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड के लिए 23 मार्च को 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मैदानी इलाकों में बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी ओले गिरने की प्रबल संभावना है। बिहार में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। तापमान के आंकड़ों को देखें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री, पटना में 23 डिग्री और शिमला में महज 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यह मौसमी बदलाव उत्तर भारत में एक 'संक्रमण काल' की तरह है, जहां सर्दी से गर्मी की ओर हो रहा बदलाव अचानक आए विक्षोभ के कारण थम गया है। अगले एक सप्ताह तक धूप और गर्मी के बजाय बादलों और बारिश का बोलबाला रहेगा, जिससे आम जनता को बढ़ते तापमान से बड़ी राहत मिलेगी।

विभिन्न शहरों का अनुमानित तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 26°C 15°C
लखनऊ 26°C 17°C
पटना 23°C 17°C
जयपुर 27°C 16°C
नैनीताल 17°C 10°C
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com