आसमान से बरसेगी आफत या मिलेगी राहत? वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हुआ एक्टिव, 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

IMD Weather Update: देशभर में सक्रिय हुए नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
weather news today
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Weather Forecast 17 March: देशभर में मार्च की गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

22 राज्यों के लिए आई चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, ओडिशा और राजस्थान सहित कुल 22 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की आशंका है। आईएमडी के मुताबिक, आंधी-तूफान की इन गतिविधियों के कारण अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम बना रहेगा और फिलहाल देश में कहीं भी भीषण लू चलने की संभावना नहीं है।

दिल्ली-यूपी का हाल कैसा है

दिल्ली: राजधानी में 19 मार्च तक बादल छाए रहने का अनुमान है। विशेष रूप से 18 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 29°C से 32°C के बीच रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश: यूपी में 17 से 19 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। हिमाचल और उत्तराखंड: पहाड़ी राज्यों में 20 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड में 19-20 मार्च को 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी

आईएमडी की मानें तो बिहार में 17 मार्च और फिर 20 से 22 मार्च के बीच बारिश और आंधी-तूफान की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 16 और 17 मार्च को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की उम्मीद है।

प्रमुख शहरों का तापमान (17 मार्च 2026)

शहर
अधिकतम तापमान
न्यूनतम तापमान
दिल्ली
29°C
17°C
लखनऊ
34°C
19°C
पटना
34°C
19°C
कोलकाता
32°C
23°C
मुंबई
29°C
24°C
भोपाल
34°C
21°C
जयपुर
32°C
19°C
शिमला
18°C
08°C

ओडिशा और मध्य प्रदेश में भी खराब रहेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश में 16 से 22 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे ओलावृष्टि और तेज हवाओं को देखते हुए अपनी फसलों का ध्यान रखें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com