

Weather Forecast: दिल्ली एनसीआर सहित मैदानी इलाकों में गर्मी जाने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सर्दी के लिए कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में इसका असर दिखाई देने लगा है। आने वाले हफ्तों में उत्तर भारत के राज्यों में ठंड दस्तक दे सकती है। जिसके बाद घरों में पंखे बंद हो जाएंगे और उनकी जगह रजाई और कंबल निकल जाएंगे। आज यानी 10 नवंबर को ज्यादातर राज्यों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है।
दिवाली बीतने के बाद भी लोगों को सर्दी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में ठंड के बाद अब मैदानी इलाकों में भी जल्द गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि दिल्ली में रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को दिल्ली में दिन की शुरुआत धुंध से होगी। वहीं मौसम में बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। सुबह और शाम को प्रदूषण के कारण धुंध और हल्की ठंड देखी जा सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में साफ बना हुआ है। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा देखने को मिला है लेकिन कुछ समय बाद आसमान साफ हो जाता है। वहीं, शाम को ठंडी हवाएं चलने लगती हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आने वाले पांच दिनों तक तापमान में अंतर नहीं आएगा। नवंबर के आखिरी हफ्ते तक कोहर बढ़ने का आशंका है। इसके अलावा राजस्थान के पश्चिमी मैदानों में भी सर्दी नदारद है। पूर्वी राजस्थान में धीरे-धीरे सर्दी का आगमन हो रहा है। इस साल अच्छी बारिश के बाद भी लोगों को सर्दी के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में आने वाले हफ्ते के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 12 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रविवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की आशंका है।