आसमान से बरसेगी आफत या मिलेगी राहत? 18 राज्यों में भारी बारिश का 'तांडव' और 70 किमी की रफ्तार से आंधी का अलर्ट

IMD Weather Alert: भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। एक तरफ जहां गर्मी ने दस्तक दी है वहीं IMD ने आज यूपी, राजस्थान और बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश, ओले और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
weather alert today
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Today Weather Update 14 March 2026: भारत का मौसम इस समय एक अजीबोगरीब 'संक्रमण काल' से गुजर रहा है। जहां मैदानी इलाकों में दिन धीरे-धीरे गर्म होने लगे हैं और रातें हल्की ठंडी बनी हुई हैं, वहीं पहाड़ी राज्यों में अभी भी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड का असर कायम है।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में लोग सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ते बदलाव को महसूस ही कर रहे थे कि अचानक प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाने की तैयारी कर ली है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन ने पूरे देश को चिंता में डाल दिया है- अगले कुछ दिन 18 राज्यों के लिए भारी पड़ने वाले हैं।

70 किमी की रफ्तार से आंधी, 18 राज्यों में बारिश का

मौसम विभाग (IMD) ने 14 मार्च से 19 मार्च तक के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर दक्षिण प्रायद्वीप तक, लगभग आधा देश बादलों की चपेट में रहने वाला है।

आज यानी 14 मार्च को यूपी, राजस्थान, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में न केवल बारिश होगी, बल्कि 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है, जिससे जन-धन की हानि हो सकती है।

दिल्ली में छाएंगे बादल, पहाड़ों पर गिरेगी 'आफत'

राजधानी में आज दोपहर से ही बादल छाए रहने और 10 से 15 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तराखंड में आज (14 मार्च) गरज-चमक के साथ 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 15-16 मार्च को 70 किमी तक पहुंच सकती हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 14 मार्च को छिटपुट बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15-16 मार्च को ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में क्या अलर्ट है?

पूर्वोत्तर भारत में मौसम का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल सकता है। अरुणाचल प्रदेश में 13 से 16 मार्च के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। असम और मेघालय में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, बिहार और झारखंड के लिए 'टेंशन' वाला अलर्ट है। बिहार में 15 से 18 मार्च तक हल्की से मध्यम वर्षा और 30-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 15 से 17 मार्च के बीच मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।

गर्मी का प्रकोप: कई राज्यों में 'हीटवेव' की भी चेतावनी

हैरानी की बात यह है कि जहां एक तरफ बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं:

हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 मार्च को कुछ इलाकों में भीषण उष्ण लहर की संभावना है। ओडिशा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में भी लू चलने का अनुमान है। केरल में मौसम काफी गर्म और आर्द्र बना रहेगा।

प्रमुख शहरों का तापमान (आज का अनुमान):लखनऊ: 36°C (अधिकतम), 21°C (न्यूनतम)

पटना: 35°C (अधिकतम), 20°C (न्यूनतम)

भोपाल: 36°C (अधिकतम), 22°C (न्यूनतम)

शिमला: 23°C (अधिकतम), 10°C (न्यूनतम)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com