

Weather Forecast Today: पश्चिमी विक्षोभ ने भारत में मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। एक तरफ जहां पूर्वी भारत में बारिश आंधी और तेज हवाओं के चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है तो दूसरी ओर उत्तरी-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू चलने और तापमान बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक मौसम दो तरह का रहने वाला है। एक हिस्से में बारिश तो दूसरे हिस्से में जोरदार तपिश देखने को मिलेगी। यही नहीं, महीने के आखिरी में कई राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है। आइए राज्यवार समझते हैं कैसा रहेगा मौसम का हाल।
जम्मू-कश्मीर और आसपास के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इन सभी स्थानों के तापमान में भी गिरावट और 30-35 KMPH की स्पीड से हवा चलने की संभावना जताई जा रही है। कई जगहों पर बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम बदलने की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका है।
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। यहां अगले दो दिनों में तेज बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है। मध्य भारत के कई इलाकों में 50-60 KMPH की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। झारखंड और बिहार में 70 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके साथ ही झारखंड के कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई जा रही है। इसी प्रकार से गोवा और महाराष्ट्र के मध्य इलाकों में भी तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
भारत के कई राज्यों में छिटपुट बारिश होने के बाद भी तेज गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने वाली है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, राजस्थान और केरल के कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है। यहां अगले कई दिनों तक वार्म नाइट्स यानी गर्म रातों की भी संभावना जताई जा रही है।