

Meeting Related To Lapse in immigration matter: दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन के दौरान चूक मामले में केंद्रीय गृह मंत्री ने बड़ी बैठक बुलाई है। मंगलवार शाम को गृह और नागरिक उड्डयन मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों की एक जरूरी बैठक बुलाई है। यह बैठक इसलिए बुलाई गई है क्योंकि इटली के तीन यात्रियों ने अमृतसर से दिल्ली की यात्रा की और जरूरी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी किए बिना ही म्यूनिख जाने वाली लुफ्थांसा की उड़ान में सवार हो गए।
इमिग्रेशन चूक के मामले को बहुत ही गंभीरता से लिया गया है। गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक, गृह मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के कमिश्नर, एयर इंडिया ग्रुप के प्रमुख और दिल्ली एयरपोर्ट के CEO शामिल होंगे।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 12 सितंबर को एयर इंडिया को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया था। यह नोटिस एयरलाइन द्वारा यात्रियों के साथ किए गए व्यवहार को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा जताई गई चिंताओं के बाद जारी किया गया था। बैठक में इस संवेदनशील विषय पर गंभीर तरीके से चर्चा होगी। मीटिंग गृह मंत्रालय में मंगलवार शाम 7 बजे कर्तव्य भवन में बुलाई गई है।
फ्लाइट पकड़ने के लिए इटली के तीनों यात्री अमृतसर से दिल्ली आए थे। जानकारी के मुताबिक इंटरनेशनल फ्लाइट में सवार होने से पहले उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं की। ऐसा कहा जा रहा है कि यह चूक अमृतसर एयरपोर्ट पर हुई है। जानकारी रखने वाले लोग ने बताया कि यात्रियों को अमृतसर एयरपोर्ट पर दिल्ली और लुफ्थांसा की म्यूनिख फ्लाइट, दोनों के लिए बोर्डिंग पास जारी किए गए थे। यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर अपना इमिग्रेशन पूरा करना था, लेकिन उन्हें इंटरनेशनल-टू-इंटरनेशनल) ट्रांसफर के लिए भेज दिया गया।
हाल ही में सरकार ने इमिग्रेशन प्रकिया से जुड़े नियम में कुछ बदलाव किए हैं। इसके अनुसार 1 सितंबर 2026 से देश के सभी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़ा एक बड़ा बदलाव किया गया है। अब यात्रियों के फिजिकल बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन अधिकारियों की ओर से स्टैंप नहीं लगाए लाने का फैसला लिया गया। इस फैसले का मकसद यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करना और एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाना है।