बंगाल के मंत्री उदयन गुहा के काफिले पर केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक के समर्थकों ने किया हमला

Udayan Guha's convoy attacked by supporters of BJP leader and Union minister Nisith Pramanik
PTI Photo
Published on
Updated on

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के मंत्री उदयन गुहा (Udayan Guha) के काफिले पर कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के कूच बिहार इलाके में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक (Union Minister Nisith Pramanik) के समर्थकों ने हमला किया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गुहा जिला अध्यक्ष से मुलाकात के बाद दिनहाटा से कूच बिहार जा रहे थे।

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री उदयन गुहा ने कहा, "उनका टारगेट उदयन गुहा हैं क्योंकि वे जानते हैं कि अगर वे उदयन गुहा को बैठा देते हैं तो उनके लिए आसानी हो जाएगी। दिनहाटा में आज ऐसी ही घटना हुई, उनके (निसिथ प्रमाणिक) ईशारे पर हमला हुआ। हमने साफ देखा कि उन्होंने इशारा किया उसके बाद उनके गुंडे लाठी लेकर आ गए और आक्रमण शुरु कर दिया। हाथ जोड़कर वे वोट मांग रहे थे उसी दौरान उन्होंने ईशारा किया और तभी मेरी गाड़ी पर हमला हुआ।"

प्रमाणिक और गुहा के समर्थकों के बीच यह पहली झड़प नहीं है। पिछले हफ्ते राज्य के कूच बिहार जिले में भी ऐसी ही घटना हुई थी। प्रमाणिक द्वारा संबोधित एक सार्वजनिक बैठक और राज्य मंत्री गुहा के नेतृत्व में एक रैली के बाद रात लगभग 8:30 बजे दिनहाटा बाजार क्षेत्र में झड़प हुईं थी।

प्रमाणिक ने दावा किया था कि जब उनका काफिला इलाके से निकल रहा था, तो टीएमसी की रैली स्थल से पत्थर फेंके गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गुहा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का नेतृत्व किया और पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। हालांकि, गुहा ने इन आरोपों को "निराधार" बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि भाजपा समर्थकों ने टीएमसी के रैली स्थल पर पथराव किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com