डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग के चलते निकला धुआं, यात्रियों में हड़कंप

Vivek Express Smoke
Published on: 
Updated on: 

भुवनेश्वर. ओडिशा में मंगलवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक ब्रह्मपुर स्टेशन के पास डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। यात्री आग लगने के डर से ट्रेन से उतरने लगे। हालांकि, गहन जांच में पता चला कि धुआं कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण निकला था। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारी बसंत कुमार सत्पथी ने कहा, "धुआं किसी दुर्घटना के कारण नहीं बल्कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण निकला था। एक बोरी कोच के पहिए में फंस गई थी। हमने बोरी को पहिए से हटा दिया है और आग बुझाने वाले यंत्र का भी इस्तेमाल किया है। ट्रेन लगभग 15-30 मिनट तक रुकी रही।"

गौरतलब है कि 7 जुलाई को यदाद्री भुवनगिरी जिले के पगडिपल्ली और बोम्मईपल्ली के बीच फलकनुमा एक्सप्रेस में आग लग गई थी। हावड़ा से सिकंदराबाद आ रही ट्रेन में अचानक आग लगने से 5 बोगियां पूरी तरह जल गईं और एक बोगी आंशिक रूप से जल गई थी। इस हादसे की एक उच्च स्तरीय समिति ने जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com