

नई दिल्ली: राष्ट्रपति भवन स्थित मुगल गार्डन (Mughal Garden) का नाम बदल दिया गया है। जिसका नाम बदलकर अब अमृत उद्यान (Amrit Udyan) रखा गया है। यह गार्डन अब अमृत उद्यान के नाम से जाना जाएगा। जानकारी के अनुसार, मुगल गार्डन का नाम अमृत महोत्सव के तहत बदला दिया गया है। पार्क हर साल जनता के लिए खुला रहता है। इस साल भी यह 31 जनवरी से खुलेगा। लोग यहां विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप और गुलाब के फूलों को देखने आते हैं।
राष्ट्रपति की उप प्रेस सचिव नविका गुप्ता ने बताया कि, स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के समारोह के अवसर पर 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर पर, भारत के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन के बगीचों को 'अमृत उद्यान' के रूप में एक सामान्य नाम दिया है।
यह अमृत उद्यान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहां ब्रिटिश और मुगल दोनों के उद्यानों की झलक देखने को मिलती है। उल्लेखनीय है कि, इसे बनाने के लिए एडविन लुटियंस ने पहले देश-दुनिया के उद्यानों का अध्ययन किया था। इस गार्डन में पौधारोपण में करीब एक साल का समय लगा था।
गौरतलब है कि, इससे पहले भी सरकार ने कई जगह, कई भवनों, संस्थाओं और सड़कों के के नाम बदले गए है। इनमें औरंगजेब रोड का नाम बदलकर अब्दुल कलाम रोड, योजना आयोग का नाम बदलकर नीति आयोग, रेसकोर्स रोड का नाम बदलकर लोक कल्याण मार्ग और फिरोज शाह कोटला स्टेडियम का नाम बदलकर अरुण जेटली स्टेडियम और किंग्सवे का नाम बदलकर कर्तव्य पथ रखा गया है।