निगमबोध घाट पर अंत्येष्टि मनमोहन सिंह का अपमान...पूर्व पीएम के अंतिम संस्कार पर छिड़ी जंग आर-पार, राहुल गांधी का मोदी पर अटैक

भारत में आर्थिक सुधारों के जनक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन इस पर सियासत अब भी जारी है। अब राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है।
वकीलों की हड़ताल के चलते राहुल गांधी मामले की सुनवाई टली
राहुल गांधी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: भारत में आर्थिक सुधारों के जनक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके अंतिम संस्कार की जगह और समाधि स्थल को लेकर राजनीति जोरों पर है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनके अंतिम संस्कार को लेकर केंद्र सरकार पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया है।

मनमोहन सिंह के निधन के कुछ घंटों बाद ही उनके अंतिम संस्कार को लेकर सियासी जंग छिड़ गई थी। कांग्रेस पूर्व प्रधानमंत्री के लिए राजघाट पर अंत्येष्टि की मांग कर रही थी। लेकिन कथित तौर पर केंद्र सरकार ने आखिरी फैसला लेते हुए निगमबोध घाट को चुना। जिसके बाद सियासी पारा और चढ़ गया है।

जानिए क्या बोले राहुल गांधी?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मौजूदा सरकार ने आज निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार करके भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पूरी तरह से अपमान किया है। वह एक दशक तक भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके समय में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्ग का सहारा हैं।

भारत रत्न के हकदार हैं पूर्व पीएम

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का सम्मान करते हुए उनका अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों पर किया गया, ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे सके। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान (भारत रत्न) और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान सपूत और उनके गौरवशाली समुदाय के प्रति सम्मान दिखाना चाहिए था।"

खड़गे ने भी लिखा था पीएम को पत्र

इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार को पत्र लिखकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए अलग जमीन की मांग की थी। कांग्रेस अन्य प्रधानमंत्रियों की तरह मनमोहन सिंह के लिए भी अलग स्मारक की मांग कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की थी। अकाली दल भी इस मांग में कांग्रेस के साथ आ गया है।

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने निगम बोध घाट पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर आश्चर्य व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैं हैरान हूं कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया गया। इससे पहले भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया गया था। भाजपा सरकार डॉ. मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए 1000 गज जमीन भी नहीं दे पाई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com