चाईबासा कोर्ट में हाजिर हुए राहुल गांधी, अमित शाह पर टिप्पणी के मामले में मिली जमानत

Chaibasa Court: चाईबासा की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी से जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में जमानत दे दी है। मामला 2018 के राहुल गांधी के एक भाषण का है।
rahul gandhi chaibasa court
राहुल गांधी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Rahul Gandhi appeared in Chaibasa court: राहुल गांधी न्यायिक दंडाधिकारी सुप्रिया रानी तिग्गा की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए, जिसके बाद कोर्ट ने ट्रायल में सहयोग करने की शर्त पर उन्हें यह राहत दी।

ये मामला साल 2018 में कांग्रेस के अधिवेशन में दिए गए राहुल गांधी के एक भाषण से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को “हत्यारा” कहकर संबोधित किया था। राहुल गांधी सुबह करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से टाटा कॉलेज मैदान में उतरे। इसके बाद चाईबासा में करीब 45 मिनट इंतजार के बाद वहां से चाईबासा सिविल कोर्ट पहुंचे।

प्रताप कटियार ने दर्ज कराई थी शिकायत

इस बयान को लेकर चाईबासा निवासी भाजपा नेता प्रताप कटियार ने 9 जुलाई 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा था, "कांग्रेस में कोई हत्यारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन सकता। कांग्रेसजन किसी हत्यारे को राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वीकार नहीं कर सकते हैं; यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है।"

क्या रही है अब तक की अपडेट

इस मामले में अप्रैल 2022 में अदालत ने जमानती वारंट, फिर फरवरी 2024 में गैर-जमानती वारंट जारी किया था। राहुल गांधी ने पेशी से छूट के लिए सीआरपीसी की धारा 205 के तहत आवेदन दिया था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके खिलाफ उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की और कुछ समय तक राहत भी मिली, लेकिन मार्च 2024 में हाईकोर्ट ने याचिका निस्तारित कर दी।

इसके बाद चाईबासा कोर्ट ने 22 मई 2025 को फिर से गैर-जमानती वारंट जारी किया। आखिरकार राहुल गांधी ने 6 अगस्त को कोर्ट में व्यक्तिगत उपस्थिति दर्ज कराई, जिसके बाद उन्हें सशर्त जमानत दे दी गई। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा और दीपांकर रॉय ने अदालत में पक्ष रखा। अब यह मामला ट्रायल की प्रक्रिया में आगे बढ़ेगा।

शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे राहुल

आपको बता दें कि राहुल गांधी मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुचे थे। यहां वो झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में भी सम्मिलित हुए और इसके बाद वो रांची के एक होटल में रुके थे। इसके बाद राहुल आज चाईबासा की अदालत में पेश हुए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com