भारत के छात्र अकेले नहीं हैं...राजघाट और गांधी स्मृति की ओर बढ़े राहुल गांधी, सभी विपक्षी सांसद साथ में मौजूद

Gandhi Smriti Protest: राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के नेता NEET पेपर लीक मामले के पीड़ितों को याद करने गांधी स्मृति पहुंचे। उन्होंने कहा, विपक्ष छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
rahul gandhi protest delhi
राजघाट और गांधी स्मृति की ओर बढ़े राहुल गांधी (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Rahul Gandhi Protest: NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद गठबंधन के सांसद और नेता बस से गांधी स्मृति भवन के लिए रवाना हुए, जो राहुल गांधी के आवास से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि INDIA गठबंधन के नेता शांतिपूर्ण तरीके से गांधी स्मृति जा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि यह यात्रा उन छात्रों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने कथित तौर पर NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान गंवाई, और उन छात्रों के समर्थन में है जो न्याय और जवाबदेही की मांग करते हुए घायल हुए हैं।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा, "भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके साथ और उनकी मांगों के समर्थन में खड़ा है।" राहुल गांधी ने कहा कि अभी, INDIA गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति जा रहे हैं। हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया - वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। और हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं जो आज घायल हैं - जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।

बैठक में शामिल हुए कई वरिष्ठ नेता

बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले, राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा और कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सहित INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मनोज झा बोले- युवाओं में भारी बेचैनी

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि देशभर में युवाओं के बीच गहरी बेचैनी है। उन्होंने कहा, "जंतर-मंतर और अलग-अलग राज्यों में जो हो रहा है, उसे देखिए। युवाओं में बहुत बेचैनी है। आने वाले समय में आपको पता चल जाएगा कि हम क्या करने जा रहे हैं। देश के हालात चिंता पैदा करने वाले हैं।"

'हम लड़ेंगे और जीतेंगे' : राजा वडिंग

कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बैठक से पहले कहा कि विपक्ष अपनी रणनीति सार्वजनिक नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "अगर हम अपना प्लान पहले बता देंगे तो सामने वाला सतर्क हो जाएगा। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय के लोग पहले से सक्रिय हैं। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।" विपक्ष लगातार NEET पेपर लीक मामले, छात्र आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेर रहा है। वहीं, सरकार का कहना है कि वह इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है।

https://youtu.be/94SH0cNlJK0

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com