

नई दिल्ली. पंजाब (Punjab) से मिली बड़ी खबर के अनुसार अब खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) को पकड़ने के लिए पुलिस का पंजाब के गुरदासपुर और लुधियाना में फ्लैग मार्च (Flag March) जारी है। वहीं राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 20 मार्च तक बंद हैं।
गौरतलब है कि, कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह के फरार रहने के बीच आज पंजाब पुलिस को जालंधर जिले में एक लावारिस कार मिली है, जिसमें से एक राइफल और कई दर्जन कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियार बरामद किए और कहा कि इसकी संभावना है कि काले रंग की यह कार शनिवार को अमृतपाल के काफिले का हिस्सा थी। उन्होंने बताया कि यही कार एक दिन पहले एक वीडियो में नजर आई थी।
आज मामले पर पुलिस ने बताया कि कार में से एक राइफल, 57 कारतूस, एक तलवार और एक पंजीकरण संख्या प्लेट मिली है। जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वर्णदीप सिंह ने कहा कि कार जालंधर के शाहकोट में सलेमा गांव में लावारिस अवस्था में मिली। घटनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा, ‘‘हमें पता चला था कि सलेमा गांव में एक लावारिस वाहन मिला है। वहां वाहन की चाभी भी पड़ी थी। एक निजी वॉकी टॉकी, ।315 बोर की एक राइफल और 57 कारतूस बरामद किए गए हैं।''
अधिकारियों ने बताया कि पंजाब सरकार ने शनिवार को अमृतपाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की और उसके नेतृत्व वाले एक संगठन के 78 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जालंधर जिले में अमृतपाल के काफिले को रोका गया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।