OG और Gen-Z स्लैंग से PM मोदी ने जीता SRCC छात्रों का दिल, छात्र बोले- जिम्मेदारी का एहसास हुआ

PM Modi SRCC Speech: SRCC के शताब्दी समारोह में PM मोदी के संबोधन को छात्रों ने प्रेरणादायक बताया। छात्रों ने अर्थव्यवस्था, विकास, सुरक्षा और Gen-Z से जुड़े ‘OG’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल की तारीफ की।
PM Modi SRCC Speech
SRCC शताब्दी समारोहफोटो सोर्स- x
Published on
Updated on

PM Modi SRCC Speech Students Reaction: दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को छात्रों ने प्रेरणादायक और यादगार बताया। छात्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भारत की आर्थिक प्रगति, विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा क्षेत्र, फिनटेक, ‘मेक इन इंडिया’ और देश की भविष्य की संभावनाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की।

छात्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री का SRCC परिसर में आना अपने आप में विशेष अनुभव था। वहीं, उनके भाषण में युवाओं और खासकर Gen-Z से जुड़ी भाषा के इस्तेमाल ने भी छात्रों का ध्यान खींचा।

प्रधानमंत्री का कॉलेज आना गर्व का क्षण

छात्रा धनिष्ठा ने कहा कि SRCC परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी पूरे कॉलेज परिवार के लिए सम्मान और गर्व का क्षण था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों ने छात्रों को प्रेरित किया। धनिष्ठा ने यह भी याद किया कि जब प्रधानमंत्री इससे पहले कॉलेज आए थे, तब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और अब प्रधानमंत्री के रूप में SRCC पहुंचे हैं। उनके मुताबिक, इस दौरान भारत और उसकी अर्थव्यवस्था में काफी बदलाव और सुधार देखने को मिला है।

पुरानी और मौजूदा अर्थव्यवस्था की तुलना समझना प्रेरक

आरुषि ने प्रधानमंत्री के संबोधन को अमेजिंग और प्रेरणादायक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अर्थव्यवस्था के पुराने दौर और मौजूदा स्थिति की जिस तरह तुलना की, उससे नई पीढ़ी को देश के भविष्य के निर्माण के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि SRCC के छात्र सरकार और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का प्रयास करेंगे।

2013 के विजन का भी हुआ जिक्र

छात्रा स्वांतिका ने कहा कि SRCC के शताब्दी वर्ष में प्रधानमंत्री का कॉलेज परिसर में आना बेहद खास अवसर था। उन्होंने प्रधानमंत्री के मंच पर आने से लेकर उनके संबोधन तक के अनुभव को यादगार बताया। स्वांतिका के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने 2013 के अपने विजन का भी उल्लेख किया और देश को आगे किस दिशा में ले जाना है, इस पर बात की। उन्होंने कहा कि यह संबोधन लंबे समय तक याद रहेगा।

छात्रों को देश का भविष्य बताया

निष्ठा ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री को इतने करीब से देखने और सुनने का अवसर मिलेगा। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का संबोधन युवाओं के भीतर देश के लिए कुछ करने और अपनी जिम्मेदारी निभाने की भावना को मजबूत करता है।

OG जैसे शब्दों ने छात्रों को जोड़ा

SRCC के प्रथम वर्ष के छात्र युग ने प्रधानमंत्री के भाषण में Gen-Z से जुड़े शब्दों और स्लैंग के इस्तेमाल को खास तौर पर पसंद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘OG’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने से छात्रों को लगा कि वह उनकी भाषा और उनकी पीढ़ी से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। अनन्या ने भी प्रधानमंत्री के Gen-Z स्लैंग के इस्तेमाल को पसंद किया। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्हें प्रधानमंत्री को इतने करीब से देखने और सुनने का अवसर मिला। अनन्या के मुताबिक, प्रधानमंत्री का संबोधन प्रभावशाली था और छात्रों के बीच उनकी शैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

PM Modi SRCC Speech
पीएम मोदी SRCC भाषणफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन

विकास और ‘मेक इन इंडिया’ की भी चर्चा

छात्र रचित ने कहा कि प्रधानमंत्री को सामने से देखना उनके लिए पहली बार का अनुभव था। उन्होंने प्रधानमंत्री के आत्मविश्वासपूर्ण संबोधन की सराहना की। रचित के मुताबिक, भाषण में 2013 से पहले और उसके बाद के भारत की तुलना के साथ ‘मेक इन इंडिया’ और विभिन्न विकास योजनाओं का जिक्र किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े प्रधानमंत्री के बयानों को भी महत्वपूर्ण बताया।

आंकड़ों और डेटा ने भी खींचा ध्यान

आर्या जैन ने प्रधानमंत्री के भाषण को उत्साह से भरा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि भाषण के दौरान अलग-अलग आंकड़ों और डेटा का इस्तेमाल उन्हें खास तौर पर रोचक लगा।

आर्या के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने 2013 से पहले के भारत और उसके बाद हुए विकास की चर्चा की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि भारत फिलहाल एक अच्छी स्थिति में है।

आधा गिलास की नई व्याख्या छात्रों को आई पसंद

अंशिका भाटिया ने प्रधानमंत्री की ओर से आधा गिलास वाली पुरानी धारणा को नए नजरिए से समझाने की बात को खास तौर पर सराहा। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने इस उदाहरण के जरिए केवल गिलास को आधा खाली या आधा भरा देखने के बजाय उसमें मौजूद पानी के साथ हवा को भी देखने की बात कही।

अंशिका ने इसे समस्या और संसाधनों को देखने का एक अलग दृष्टिकोण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के Gen-Z स्लैंग के इस्तेमाल से भाषण का माहौल हल्का-फुल्का भी रहा। हालांकि, अंशिका ने यह भी कहा कि विकास के बावजूद कुछ क्षेत्रों में अभी और सुधार की गुंजाइश है और सरकार को उन क्षेत्रों पर भी ध्यान देना चाहिए।

पीयूष गौड़ ने भी आधा गिलास वाले उदाहरण को भाषण की खास बात बताया। उन्होंने इसे विज्ञान और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से जोड़ते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग देश की प्रगति में मदद कर सकता है।

PM Modi SRCC Speech
SRCC के शताब्दी समारोह में PM मोदी फोटो सोर्स- x
PM Modi SRCC Speech
13 साल बाद SRCC पहुंचे PM मोदी: Gen-Z भाषा में Alumni को बताया OG, 2013 की स्पीच को भी किया याद

इतनी कम उम्र में ऐसा अनुभव खास

छात्रा सिमरन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनना अपने आप में एक बड़ा अवसर है। इतनी कम उम्र में उन्हें प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने का मौका मिला, यह उनके लिए खास अनुभव रहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण में आंकड़ों और तथ्यों के इस्तेमाल की भी सराहना की। छात्रों की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि SRCC के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन उनके लिए सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि उन्होंने इसे देश, अर्थव्यवस्था और अपने भविष्य से जोड़कर देखा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com