

नई दिल्लीः महाराष्ट्र सहित देश भर में आज महान मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई जा रही है। देश और धर्म के लिए उनके योगदान को याद किया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्रपति शिवाजी महराज की जयंती पर सोशल मीडिया एक स्पेशल वीडियो शेयर करते उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस वीडियो में पीएम मोदी छत्रपति की उपलब्धियों और उनके दूरदर्शी विजन का बखान कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा " मैं छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उनके पराक्रम और दूरदर्शी नेतृत्व ने स्वराज्य की नींव रखी, पीढ़ियों को साहस और न्याय के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वे हमें एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।"
इनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी छत्रपति शिवाजी महाराज की जंयती पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर उन्हें नमन कहा। सीएम योगी ने छत्रपति शिवाजी महराज की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा " भारत की आस्था और अस्मिता के रक्षक, 'हिंदवी स्वराज' के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! धर्म, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनका त्यागमय जीवन हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।"
बता दें कि शिवाजी महाराज की वीरता की कई गाथाएं हैं, जिनमें से एक प्रमुख घटना है अफजल खान के साथ उनका युद्ध। अफजल खान ने शिवाजी महाराज को धोखे से मारने का प्रयास किया, लेकिन शिवाजी महाराज ने अपनी चुस्त दिमाग और तलवार की कुशलता से उसे मार गिराया। इसके अलावा, सूरत पर उनकी छापामारी और कोंडाणा (सिंहगढ़) किले पर तानाजी मालुसरे के नेतृत्व में विजय उनकी वीरता के उदाहरण हैं।