

नवभारत डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सूचनाओं की बाढ़ आ गई है। कई फेक पोस्ट्स और मॉर्फ्ड वीडियो को सच बताकर शेयर किया जा रहा है, जिससे जनता में भ्रम और घबराहट का माहौल बन रहा है। ऐसे में PIB Fact Check ने एक के बाद एक कई दावों की सच्चाई उजागर कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कुछ प्रोपेगेंडा फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दावा किया कि भारतीय वायुसेना की महिला स्क्वाड्रन लीडर शिवानी सिंह को पाकिस्तान ने पकड़ लिया है। PIB Fact Check ने इस दावे को पूरी तरह से गलत बताया है। “ यह दावा पूरी तरह FAKE है!”
एक पुराना और डिजिटल रूप से एडिट किया गया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें इसे नागरोटा एयरबेस पर पाकिस्तानी हमले का बताया जा रहा है। PIB ने बताया कि: “यह वीडियो अक्टूबर 2024 में इंस्टाग्राम पर पोस्ट हुआ था और इसका वर्तमान किसी भी हमले से कोई संबंध नहीं है।”
सोशल मीडिया पर एक और दावा वायरल हुआ कि भटिंडा एयरबेस पूरी तरह से तबाह हो गया है। PIB ने इस पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा: “यह दावा भी फर्जी है।” “भटिंडा एयरफील्ड पूरी तरह से ऑपरेशनल है और कोई नुकसान नहीं हुआ है।”
दिल्ली एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले का दावा करते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसे PIB ने फेक बताया। “यह वीडियो दरअसल अगस्त 2024 में यमन के एडेन शहर में हुए एक गैस स्टेशन विस्फोट का है।”
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि देश की सुरक्षा से जुड़ी झूठी खबरें सिर्फ अफवाह फैलाने और लोगों को भ्रमित करने के लिए फैलाई जा रही हैं। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचे।