ओडिशा रेल हादसा: शरद पवार ने की जांच की मांग, अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग पर लाल बहादुर शास्त्री का दिया उदाहरण

Odisha train accident Sharad Pawar demands investigation, gives example of Lal Bahadur Shastri demanding Ashwini Vaishnav's resignation
PTI Photo
Published on: 
Updated on: 

पुणे (महाराष्ट्र): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने ओडिशा के बालासोर रेल हादसे की जांच कराए जाने की मांग की है। इस भीषण रेल हादसे में अभी तक कम से कम 288 लोगों के मरने और 800 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।

हादसे के बाद नैतिक आधार पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग के बारे में सवाल किए जाने पर पवार ने एक रेल दुर्घटना के बाद तत्कालीन रेल मंत्री लाल बहादुर शास्त्री के इस्तीफे का उदाहरण दिया और कहा, ‘‘सत्ता में बैठे लोगों को, जो उचित हो, वह करना चाहिए।''

बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के आपस में टक्कर के कारण हुए इस भीषण हादसे में कम से कम 2,000 यात्री प्रभावित हुए हैं। पवार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह एक हादसा है और सभी ने जांच की मांग की है। तथ्यों को सामने आने दें, उसके बाद ही कोई सलाह दी जा सकती है।''

कुछ दलों द्वारा रेल मंत्री वैष्णव का इस्तीफा मांगे जाने पर राकांपा प्रमुख ने कहा, ‘‘जब लाल बहादुर शास्त्री रेल मंत्री थे, एक दुर्घटना हुई थी। उस वक्त प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इस्तीफा देने के उनके फैसले क खिलाफ थे, लेकिन शास्त्री जी को लगा कि पद छोड़ना उनका नैतिक दायित्व है।'' पवार ने कहा, ‘‘पूरा देश इस उदाहरण को जानता है और सत्ता में मौजूद लोगों को जो उचित लगता है वही करना चाहिए।'' (एजेंसी)