पेपर लीक विवाद के बाद बड़ा फैसला, NTA के 47 अधिकारी टर्मिनेट, कई पर होगी आपराधिक कार्रवाई

NTA Reform: शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर NTA ने परीक्षा प्रणाली में सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 47 अधिकारियों को टर्मिनेट कर दिया है। कई अधिकारियों पर कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
nta reform
NTA के खिलाफ प्रदर्शनकारी (Image- Social Media)
Published on
Updated on

NTA Termination: देश की परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, NTA ने 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त (टर्मिनेट) कर दी हैं। इसके अलावा, कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।

खबरों के मुताबिक, यह कार्रवाई NTA में व्यापक सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। मंत्रालय का कहना है कि आने वाले दिनों में एजेंसी के ढांचे और कार्यप्रणाली में सुधार से जुड़े कई और महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।

NTA में बदलाव की तैयारी

हाल के समय में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं के कारण NTA लगातार विवादों में रही है। इसी पृष्ठभूमि में एजेंसी के कामकाज की समीक्षा की गई और सुधार प्रक्रिया शुरू की गई है।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह कदम NTA के संपूर्ण पुनर्गठन (Overhaul) की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाना है, ताकि भविष्य में परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल, शिक्षा मंत्रालय या NTA की ओर से हटाए गए अधिकारियों की पहचान और उनके खिलाफ प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

PM मोदी ने संभाला मोर्चा

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि सरकार पेपर लीक के मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नया कानूनी ढांचा तैयार कर रही है और इससे संबंधित विधेयक संसद के मौजूदा सत्र में लाया जा सकता है।

उधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सरकारी सूत्रों का कहना है कि सरकार फिलहाल इस्तीफे पर विचार नहीं कर रही है और उसका फोकस राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार पर है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com