NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए NTA की कड़ी तैयारी! 22 लाख छात्र, 5440 केंद्र और चप्पे-चप्पे पर AI की पैनी नजर

NTA NEET UG 2026: एनटीए 21 जून को 5,440 केंद्रों पर एनईईटी-यूजी 2026 परीक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। 22 लाख से अधिक छात्र सख्त एआई निगरानी और 51,311 जैमर के तहत परीक्षा देंगे।
neet reexam
नीट परीक्षा केंद्र (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

NEET Exam Security Measures: देश के लाखों छात्र आज दोबारा नीट-यूजी 2023 की री-एग्जाम देंगे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 'नीट-यूजी- 2026' के सफल और निष्पक्ष आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

एनटीए ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए देशभर में अभूतपूर्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है। इस साल 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

विदेशों के 14 केंद्रों में परीक्षा का आयोजन

एनटीए के अनुसार, परीक्षा भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। एजेंसी का लक्ष्य सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और सुविधाजनक परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए देशभर में 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुल 1,38,560 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा गतिविधियों की राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लाइव निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, कैमरों से प्राप्त फुटेज का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित विश्लेषण भी किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

परीक्षा केंद्रों पर 51,311 जैमर

परीक्षा में नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की मदद से यह व्यवस्था की गई है।

neet reexam preperations
नीट परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी से पैनी नजर (सौजन्य-IANS)

एनटीए ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर तैनात रहेंगे, जबकि हर केंद्र पर 10 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ और 48,448 बायोमेट्रिक कर्मियों की नियुक्ति की गई है।

इस बार फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली को भी शामिल किया गया है। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए लगभग 6,700 ऑब्जर्वर और 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।

20 जून को मॉक ड्रिल का आयोजन

गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायु सेना और डाक विभाग की सेवाएं ली गई हैं। एनटीए ने बताया कि 20 जून को देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित कर सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण भी किया गया।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, ओआरएस, एम्बुलेंस, अभिभावकों के लिए बैठने और छाया की व्यवस्था, प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी और अतिरिक्त रफ शीट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर फैल रही पेपर लीक और अन्य अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताते हुए उनसे सावधान रहने को कहा है। साथ ही परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com