NIA ने गोल्डी बराड़ और गोल्डी ढिल्लों के सिर पर रखा ईनाम, सुराग देने वाले को मिलेंगे 10 लाख रुपये

एनआईए ने चंडीगढ़ में जबरन वसूली और गोलीबारी मामले में वांछित एवं कनाडा में रह रहे आतंकवादी गोल्डी बराड़ तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्तियों को 10-10 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
NIA declares Rs 10 lakh cash reward on arrest of terrorist Goldy Brar
(सौजन्य एएनआई)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को NIA ने 10-10 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। NIA ने कहा है कि दोनों के बारे में सूचना देने वाले की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को एक बयान में कहा कि चंडीगढ़ में जबरन वसूली और गोलीबारी मामले में वांछित एवं कनाडा में रह रहे आतंकवादी गोल्डी बराड़ तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना साझा करने वाले व्यक्तियों को 10-10 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जायेगा।

जबरन वसूली के लिए गोलीबारी करने के वांछित हैं दोनों

जांच एजेंसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों आरोपी इस साल आठ मार्च को जबरन वसूली के लिए एक व्यापारी के घर पर गोलीबारी करने के मामले में वांछित हैं। बयान में कहा गया कि पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब शहर के आदेश नगर निवासी शमशेर सिंह के पुत्र सतविंदर सिंह उर्फ ​​सतिंदरजीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी बराड़ और पंजाब के ही राजपुरा स्थित बाबा दीप सिंह कालोनी निवासी सुखजिंदर सिंह के पुत्र गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी ढिल्लों उर्फ ​​गोल्डी राजपुरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुप्त रखी जाएगी सूचना देने वाले की पहचान

जांच एजेंसी के बयान के मुताबिक एनआईए ने बुधवार को चंडीगढ़ में जबरन वसूली और एक व्यवसायी के घर पर गोलीबारी के मामले में वांछित आतंकवादी गोल्डी बराड़ और एक अन्य गैंगस्टर की तलाश में अपने तंत्र को सक्रिय किया और उनकी गिरफ्तारी पर नकद इनाम की घोषणा की। एजेंसी ने दोनों व्यक्तियों में से किसी की भी गिरफ्तारी में अहम कोई भी सूचना देने पर 10-10 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। इस संबंध में सूचना एनआईए के मुख्यालय के टेलीफोन नंबर पर या ईमेल, व्हाट्सऐप अथवा टेलीग्राम ऐप के जरिये दी जा सकती है।

सिद्धू मूसेवाला के मर्डर प्लान का मास्टरमाइंड है गोल्डी

मूल रूप से पंजाब के श्री मुक्तसर साहेब का रहने वाला गोल्डी बरार 2021 में कनाडा भाग गया था। मई 2022 में पंजाब के मानसा के पास फेमस पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई थी जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। हत्याकांड के बाद एक टीवी चैनल को दिए अपने इंटरव्यू में गोल्ड बराड़ ने कहा था कि उसी के इशारे पर मूसेवाला को मारा गया। गोल्डी ने कहा था कि मूसेवाला की हत्या के लिए उसी ने पंजाब और हरियाणा से 6 शूटर भेजे थे जिन्होंने हत्याकांड को अंजाम दिया था।  (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com