NEET UG 2026 री-एग्जाम: शिक्षा मंत्री ने छात्रों को दी शुभकामनाएं, बोले- बिना तनाव और डर के दें परीक्षा

NEET UG Re Exam: NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आज आयोजित की जा रही है, जिसमें लगभग 22 लाख छात्र शामिल होंगे। परीक्षा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
neet ug re exam dharmendra pradhan urges candidates to appear fearlessly
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dharmendra Pradhan Statement On NEET UG 2026 Re Exam: NEET UG 2026 की री- एग्जाम आज (21 जून) देशभर में आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में करीब 22 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है और प्रशासन को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

परीक्षा में शामिल होंगे करीब 22 लाख छात्र

उन्होंने कहा कि, आज NEET-UG की पुनर्परीक्षा आयोजित हो रही है। लगभग 22 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे। सभी छात्र बिना किसी डर, चिंता या तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। मुझे विश्वास है कि आप सभी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

नई पीढ़ी के भविष्य से खिलवाड़ न करने की अपील

धर्मेंद्र प्रधान ने एक अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी के भविष्य को किसी भी तरह से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, भारत की नई पीढ़ी का भविष्य दांव पर नहीं लगाया जाना चाहिए। ऐसा कोई कदम न उठाया जाए जिससे छात्रों की मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। परीक्षा देने जा रहे बच्चों का मनोबल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

‘बच्चों को और परेशानी न दें’

शिक्षा मंत्री ने कहा कि अतीत में कुछ लोगों ने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया, जिससे छात्रों को अनावश्यक तनाव और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से जिम्मेदारी निभाने और छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि, यदि आप स्वयं को जिम्मेदार नागरिक मानते हैं, तो देश के बच्चों को और अधिक परेशानी या तकलीफ न दें। छात्रों का हित सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए।

CBSE के शेष परिणाम भी जल्द होंगे जारी

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि CBSE के लंबित परिणाम भी जल्द घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के अधिकांश छात्रों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं और री-इवैल्यूएशन, री-असेसमेंट तथा री-वेरिफिकेशन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि CBSE जल्द ही बाकी परिणाम भी प्रकाशित करेगा, जिससे छात्रों को आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।

शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार और संबंधित एजेंसियां छात्रों की परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि देश के छात्रों का शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कायम है और इस विश्वास को हर हाल में बनाए रखा जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com