NEET के अलावा ये 7 परीक्षाएं हो चुकी है पेपर LEAK का शिकार, देखें पिछले पांच साल की लिस्ट

NEET Paper Leak 2026: NTA ने पेपर लीक विवाद के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। मामले की जांच CBI को सौंपी गई है। जानिए भारत में पेपर लीक के बड़े मामलों का इतिहास।
NEET Exam Cancelled 2026
पेपर लीक के बाद नीट यूजी परीक्षा 2026 रद्द (सांकेतिक तस्वीर, सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

NEET Exam Cancelled 2026: देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। एनटीए ने फैसला नीट परीक्षा में सामने आए पेपर लीक विवाद के बाद उठाया है। साथ ही इस मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपा गया है।

भारत में पेपर लीक परीक्षा से ठीक पहले या परीक्षा के दैरान पेपर लीक होने एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। पिछले पांच सालों में ही पेपर लीक के ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। जिसके चलते लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। इसके पेपर लीक के कई मामले ऐसे हैं जो आज भी अदालतों में लंबित हैं। आइए आपको ऐसी बड़ी परीक्षाओं के बारे में बताते हैं जो लीक का शिकार हुई थीं…

NEET UG 2026 परीक्षा

देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली नीट यूजी परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित नीट 2026 परीक्षा को पेपर लीक होने के शक के चलते रद्द कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, इस परीक्षा में तकरीबन 23 लाख छात्र इसमें शामिल हुए थे। फिलहाल इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। एनटीए ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया है और परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड शेड्यूल जल्द जारी किए जाएंगे।

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2024

साल 2024 में 17 और 18 फरवरी को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। 60,244 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में करीब 43 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। लेकिन पेपर लीक के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

UPPSC समीक्षा अधिकारी 2023

2023 में UPPSC समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 भी पेपर लीक का शिकार हो गया था। समीक्षा अधिकारी (RO) के 334 और असिस्टेंट रिव्यू ऑफिसर (ARO) के 77 कुल 411 पदों के लिए 11 फरवरी 2024 को उत्तर प्रदेश के 58 जिलों में 2387 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 10, 76,004 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया था और 64 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित रहे थे। हालांकि पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

यूजीसी नेट परीक्षा 2024

2024 में 18 जून को पूरे देश में यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन किया गया था। हालांकि परीक्षा की शाम ही देश के कई राज्यों से पेपर लीक की खबरें सामने आने लगी थीं। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 19 जून 2024 को परीक्षा रद्द करने का ऐलान कर दिया। जिसे बाद में फिर अधिक सावधानी के साथ दोबारा आयोजित करवाया गया था।

बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा 2022

2022 में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 67वीं संयुक्त प्रारंभित परीक्षा (PT) आयोजित किया गया था। लेकिन पेपर लीक के आरोप के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। इस दैरान बिहार की राजधानी पटना में लाखों अभ्यर्थियों ने सकड़ों पर उतरकर BPSC के खिलाफ प्रदर्शन किया था। आर्थिक अपराध इकाई (EOU)  ने मामले के मास्टरमाइंड सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी की थी।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021

2021 में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) पेपर लीक हो गया था। प्रदेश सरकार ने दावा किया था कि परीक्षा से पहले पेपर व्हाट्सऐप पर लीक किया गया था। जांच के बाद इसके मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया था।

NEET परीक्षा 2021

2021 में ही नेशनल एबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) परीक्षा शुरु होने से आधा घंटे पहले पेपर लीक होने की खबर सामने आई थी। हालांकि तब इसे केवल अफवाह माना गया और परीक्षाएं आयोजित करवाई गईं। लेकिन परीक्षा और रिजल्ट के बीच पेपर लीक का ये जिन्ना कई बार बाहर निकलकर सामने आया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com