नाना पाटेकर के निधन पर PM नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, बोले- उनके जैसी दमदार मौजूदगी बहुत कम अभिनेताओं में

PM Narendra Modi Tribute Nana Patekar: नाना पाटेकर के निधन पर PM मोदी ने शोक जताया। उन्होंने नाना के दमदार अभिनय, विविधता और हिंदी-मराठी सिनेमा में योगदान को याद किया।
pm modi condolences nana patekar death
पीएम नरेंद्र मोदी, नाना पाटेकरसौजन्य-IANS
Published on: 
Updated on: 

PM Narendra Modi Condolence: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बहुत कम अभिनेताओं में नाना पाटेकर जैसी गहराई, अनोखापन और प्रभावशाली मौजूदगी होती है।

पीएम मोदी ने कहा कि नाना पाटेकर ने हर भूमिका में अद्भुत विविधता और रचनात्मकता दिखाई और ऐसे किरदार निभाए जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने अभिनेता के बेबाक और स्पष्ट विचारों का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री ने कहा कि नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अहम योगदान दिया और उनके जाने से एक खालीपन आ गया है। उन्होंने नाना पाटेकर के परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

राजनाथ सिंह ने दमदार अभिनय को बताया अद्वितीय

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बहुत कम अभिनेताओं में वह असाधारण बहुमुखी प्रतिभा और गहराई थी जो उनमें थी। जहां वे अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसा सकते थे, वहीं 'अंकुश', 'प्रहार' और 'क्रांतिवीर' जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसी गंभीरता भी दिखाई जिसने हर किरदार को यादगार बना दिया। उनकी आवाज, उनकी मौजूदगी और खुद को बिल्कुल अलग-अलग किरदारों में ढालने की उनकी क्षमता ने उन्हें सचमुच अद्वितीय बना दिया।"

pm modi condolences nana patekar death
नाना पाटेकर का गरीबी में बीता बचपन, 13 साल की उम्र में उठाया काम का बोझ, कभी महीने में मिलते थे सिर्फ 35 रुपये

राजनाथ सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि अपने आप में एक संस्था थे। भारतीय सिनेमा में उनका उल्लेखनीय योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता नाना पाटेकर का निधन कला की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पांच दशकों तक, उन्होंने अपनी सहज अभिनय शैली और दमदार संवाद अदायगी से दर्शकों के मन पर अमिट छाप छोड़ी। चाहे गंभीर सामाजिक मुद्दे हों या कॉमेडी और व्यंग्य, उन्होंने जिस भी किरदार को निभाया, उसमें जान डाल दी।

pm modi condolences nana patekar death
Nana Patekar Death: नहीं रहे दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर, 75 साल की उम्र में गोवा में हुआ निधन

नाम फाउंडेशन के जरिए उनके काम की प्रशंसा की

शाह ने कहा कि चाहे 'नाम फाउंडेशन' के जरिए सूखे से प्रभावित किसान परिवारों की सेवा करना हो या सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए सीमा पर जाना हो, शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचने के बावजूद वे अपनी जड़ों से गहराई से जुड़े रहे। जब भी मैं उनसे मिला, उनकी सादगी और स्पष्टवादिता ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। ईश्वर शोक संतप्त परिवार और प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वे गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर बेहोश पाए गए थे और उन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने उनके निधन की जानकारी दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com