मुंबई: मलाड स्लम में लगी भीषण आग, 800 झुग्गी झोपड़ियां खाक, 15-20 सिलेंडरों में विस्फोट, एक की मौत; देखें Video

Malad Slum Fire
Published on: 
Updated on: 

मुंबई. मायानगरी मुंबई (Mumbai) के मलाड ईस्ट (Maladt East) के आनंद नगर इलाके में झुग्गी झोपड़ियों में सोमवार को भीषण आग लग गई। जिसमें करीब 800 झुग्गी झोपड़ियां खाक हो गई है। 15-20 सिलेंडरों में विस्फोट हुआ। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस आग को लेवल पहले 2 घोषित किया और बाद में लेवल 3 घोषित किया गया।

आग पर काबू पाने के लिए फायर टेंडर, जंबो वाटर टैंकर और अन्य उपकरण लगे हुए थे। मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई है। आग लगने के कारणों के बारे में तत्काल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

बीएमसी ने बताया कि, "आनंद नगर, अप्पा पाड़ा, मलाड ईस्ट में आग तीसरे स्तर पर पहुंच गई है। 15-20 एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट हुआ है। 12 मोटर पंपों की 10 लाइनें घटनास्थल पर चल रही हैं। एक शव बरामद कर लिया गया है और उसे अस्पताल भेज दिया गया है। घायल और लापता व्यक्ति की जांच जारी है।"

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक यह आग आज करीब 4.52 बजे लगी। जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर फट गया। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई। जिसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल आग बुझाने की कोशिश जारी है।

मुंबई में आज आग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले दिन में, अंधेरी के ओशिवारा इलाके में फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लग गई थी। इसमें 40 दुकाने जलकर खाक हो गए। इस आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।