गांदरबल आतंकी हमले में MP के इंजीनियर की मौत, सीएम मोहन यादव ने किया ट्वीट

जम्मू कश्मीर के गांदरबल में हुए आतंकी हमले में मध्य प्रदेश के रहने वाले एक इंजीनियर की भी मौत हुई है, जिन्हे पहले बिहार का मजदूर बताया जा रहा था। जिसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव का ट्वीट सामने आया है।
vishwnath shukla mohan yadav
फाइल फोटो [स्रोत : सोशल मीडिया]
Updated on

भोपाल: कश्मीर के गांदरबल में हुए आतंकी हमले के दौरान मध्य प्रदेश के इंजीनियर को भी गोली लगी थी, जिसमे उनकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इंजीनियर को पहले बिहार का मजदुर समझा जा रहा था, लेकिन पहचान स्पष्ट होने के बाद पता चला की वे मध्य प्रदेश के सीधी जिले में रहने वाले अनिल शुक्ला है, जो गांदरबल में बन रही टनल में इंजीनियर का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार गांदरबल में टनल का काम चल रहा था, इसी दौरान आतंकियों ने घात लगाकर हमला किया और अंधाधुंध फायरिंग की। इस आतंकी हमले में कुल सात लोगो की मौत हुई थी, जिनमे मध्य प्रदेश के सीधी निवासी अनिल शुक्ला भी शामिल थे। शुरुआती रूप में उन्हें बिहार का मानकर मामले की जांच की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिठौरा के रहने वाले अनिल शुक्ला पिता विश्वनाथ शुक्ला (45) जेपी फैक्ट्री में बतौर सिविल इंजीनियर के पद पर पदस्थित थे। जहां वे अपना टनल निर्माण का काम कर रही टीम को निर्देशित कर रहे थे, लेकिन वह आतंकवादियों का निशाना बन गए और उनकी मौत हो गई।

गांदरबल हमले में अनिल शुक्ला की मौत होने के बाद मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने ट्वीट किया है, जिसमे उन्होंने आतंकियों के इस हमले को कायराना बताते हुए लिख कि जम्मू-कश्मीर में हुए कायराना आतंकी हमले में मध्यप्रदेश के सीधी जिला अंतर्गत ग्राम डिठौरा के एक होनहार इंजीनियर अनिल जी शुक्ला के काल कवलित होने का समाचार हृदय विदारक है। दुःख की इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

सीएम यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का एलान करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने एवं ईश्वर से दिवंगत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं।

Navbharat Live
navbharatlive.com