

Lawrence Bishnoi Gang on Hamza Burhan: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मारे गए पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की हत्या की लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी ली है। लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी हत्या का दावा किया है। हालांकि, नवभारत लाइव इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।
बता दें कि हमजा पर पुलवामा में आतंकी हमले का आरोप था। यह भारत के सबसे घातक हमलों में से एक था। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 14 फरवरी 2019 को सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर IED से हमला किया गया था। इस हमले में लेथपोरा क्षेत्र में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन के साथ बस को टक्कर मार दी थी, जिसमें सेना के 40 जवान शहीद हो गए थे।
बता दें कि आतंकी हमजा के हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए टायसन बिश्नोई ने अपने पोस्ट में लिखा, राम राम सभी भाइयों को, आज पाकिस्तान में हमजा बुहरान की छाती में burst लगे हैं। ये मैंने Tyson Bishnoi और DC_Group ने अपने बड़े भाई Lawrence Bishnoi और हमारे ग्रुप के सहयोग से देश का पुलवामा हमले का बदला लिया है।
पोस्ट में आगे कहा गया कि मैं जितने भी पाकिस्तान में छुपे आतंकवादी और नशे के तस्कर हैं, जो drones के जरिए हमारे देश में नशा भेजते हैं, सबको खत्म करके दिखाऊंगा. मेरी भारत सरकार से एक विनती है कि जो मेरा नाम आपने operation global hunt में डाला है, नशा तस्करों के साथ ये सरासर झूठ है। मैंने ज़िंदगी में नशा तस्करों को दूर, नशा छुआ भी नहीं है और कोई साबित कर दे तो मैं खुद भारत आकर सरेंडर कर दूंगा।
टायसन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि हम भारत मां के बेटे हैं और हमेशा देश के हित में हैं। पोस्ट में कहा गया कि ये मेरे बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं नशा तस्करी वाली। हम हमारी लड़ाई लड़ रहे हैं और उसके लिए जो कानून हम तोड़ रहे हैं वो हम छाती ठोक के कहते हैं, पर ऐसे घिनौने इल्जाम हम पर ना लगाये। उसने कहा कि बाकी जो-जो भी मेरे देश के दुश्मन हैं या उनका साथ दे रहे हैं उनको हम नहीं छोड़ेंगे। मेरे पास पूरी लिस्ट तैयार है और एक-एक करके सबका नंबर लगेगा।