'बुर्ज खलीफा' दुर्गा पूजा पंडाल की लाइटिंग से पायलटों को हुई दिक्कत, बंद हुआ लेजर शो

burj khalifa durga mata
Published on: 
Updated on: 

कोलकाता. दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की तर्ज पर कोलकाता में तैयार दुर्गा पूजा पंडाल ने यहां लोगों की भारी भीड़ आने से कोविड-19 के प्रसार की आशंकाओं के मद्देनजर लेजर शो रद्द कर दिया। हालांकि, कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि कुछ पायलटों द्वारा इसके कारण देखने में बाधा की शिकायत की वजह से इसे रद्द किया गया।

दमदम हवाई अड्डे के करीब स्थित इस पूजा पंडाल के आयोजकों ने दावा किया कि लोगों की भारी भीड़ जुटने से कोविड-19 के मद्देनजर यह कदम उठाया गया। राज्य के मंत्री सुजीत बोस दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों में से एक हैं। आयोजकों में से एक दिव्यांशु गोस्वामी ने कहा कि मंगलवार शाम में लेजर शो रद्द करना पड़ा क्योंकि भीड़ आगे बढ़ने का नाम नहीं ले रही थी और पंडाल के रास्ते में खड़ी थी। इससे कोविड-19 संबंधी सुरक्षा समस्या पैदा हो गई।

दुबई की 828 मीटर ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के मॉडल पर यहां 150 फीट का पंडाल तैयार किया गया है और इसे देखने बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। राज्य पुलिस और प्रशासन के परामर्श से लेजर शो निलंबित कर दिया गया। कुछ खबरों में कहा गया कि पंडाल नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यह स्थान विमानों के प्रक्षेपपथ (ट्रेजेक्टरी) में पड़ता है।(एजेंसी) 

Navbharat Live
navbharatlive.com