BJP में रहेंगे या नई पार्टी का ऐलान करेंगे अन्नामलाई, 24 घंटे में रहस्य से हटेगा पर्दा, सियासी हलचल तेज

Annamalai social media interaction: तमिलनाडु राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई शुक्रवार दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया पर जनता से लाइव संवाद करेंगे।
Will Annamalai remain in the BJP or announce a new party? The mystery will be unveiled within 24 hours, as political activity intensifies.
के अन्नामलाई (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

K Annamalai Speculations New Political party: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने घोषणा की है कि वह शुक्रवार दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से संवाद करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि वह कोई बड़ा राजनीतिक फैसला कर सकते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में अन्नामलाई ने कहा कि वह लोगों से ऑनलाइन संवाद को लेकर उत्साहित हैं।

नई पार्टी बनाने की चर्चा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई एक अलग राजनीतिक राह अपनाने के लिए दिखाई दे रहे हैं। इस बीच उनके द्वारा नई राजनीतिक पार्टी के गठन की अटकलें भी तेज हो गई हैं। अपने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वाले समर्थकों, मित्रों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए अन्नामलाई ने कहा था कि लोगों का स्नेह, प्रोत्साहन और निरंतर समर्थन उन्हें किसानों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा तमिलनाडु के समृद्ध भविष्य के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

दिल्ली दौरे से अटकलें तेज

हाल ही में अन्नामलाई ने नई दिल्ली का दौरा कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट कर अपनी राजनीतिक योजनाओं पर चर्चा की थी। सूत्रों के अनुसार, इन घटनाक्रमों के बाद भाजपा नेतृत्व ने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को तत्काल परामर्श के लिए दिल्ली बुलाया। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रयासों के बावजूद अन्नामलाई के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।

BJP गठबंधन से नाखुश

अन्नामलाई का यह संदेश ऐसे समय आया है जब उनके भारतीय जनता पार्टी छोड़कर नई राजनीतिक पारी शुरू करने की चर्चाएं जोरों पर हैं। पिछले कुछ हफ्तों से अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन की हार के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद पार्टी में उन्हें दिए जा रहे महत्व को लेकर वह संतुष्ट नहीं हैं।

समर्थकों में बढ़ी उत्सुकता

शुक्रवार को दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से संवाद करने की घोषणा के बाद उनके समर्थक उत्साहित हैं। उनके इस कार्यक्रम को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में उत्सुकता बढ़ गई है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह इस मंच का उपयोग अपने अगले राजनीतिक कदम या नई पार्टी के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए करेंगे।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com