आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं पवन कल्याण? जानें अभिनेता से राजनेता बनने की दिलचस्प कहानी

जनसेना के संस्थापक और अभिनेता पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री का पद दिए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश में एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार में जनसेना और भाजपा को 5 से 6 मंत्री पद मिल सकते है।
PAWAN KALYAN
Published on
Updated on

अमरावती: तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख चंद्रबाबू नायडू बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बीच खबर है कि जनसेना के संस्थापक और अभिनेता पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री का पद दिए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश में एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार में जनसेना और भाजपा को 5 से 6 मंत्री पद मिल सकते है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश की नई सरकार सहयोगी दलों - जनसेना और भाजपा को पांच से छह मंत्री पद दे सकती है। सूत्रों की मानें तो, पवन कल्याण के साथ पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंदला मनोहर को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।

पवन कल्याण ने 2014 में की जनसेना पार्टी की स्थापना

पीठापुरम विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले पवन कल्याण ने अपने बड़े भाई चिरंजीवी के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी।चिरंजीवी ने 2008 में प्रजा राज्यम पार्टी की स्थापना की थी। हालांकि, अपने भाई द्वारा प्रजा राज्यम पार्टी का कांग्रेस में विलय करने के बाद वह राजनीति में बहुत सक्रिय नहीं रहे। बाद में पवन कल्याण ने 2014 में जनसेना पार्टी की स्थापना की। हालांकि उन्होंने 2014 का चुनाव नहीं लड़ा था। पवन कल्याण ने 2019 का चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा और उनकी पार्टी एक रजोले विधानसभा सीट को छोड़कर सभी सीटें हार गई थी।

एनडीए ने विधानसभा चुनाव में जीती 166 सीट

पवण कल्याण ने साल 2024 के चुनावों में तेलुगू देशम पार्टी, भाजपा और जनसेना के एनडीए गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनडीए ने प्रदेश में एक साथ हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में क्रमशः 21 और 164 सीटों पर भारी बहुमत से शानदार जीत हासिल की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com