रक्षा मंत्री बनते ही अखलाकी की ट्रंप को चेतावनी, बोले- एक बम गिराया तो अमेरिकी सैनिकों को भुगतने होंगे नतीजे

Mehrdad Akhlaki Ketabchi: मेहरदाद अखलाकी केताबची ईरान के नए रक्षा मंत्री नियुक्त किए गए हैं। रक्षा मंत्री ने अमेरिका को नसीहत देते हुए बम गिराने पर परिणाम भुगतने को कहा है।
mehrdad akhlaki ketabchi
मेहरदाद अखलाकी केताबची सोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मेहरदाद अखलाकी केताबची ईरान के नए रक्षा मंत्री

  • ईरान के रक्षा मंत्री के बयान से इरादा साफ, अमेरिका से जारी रहेगा जंग

  • ट्रंप को दी नसीहत कहा बम हमला हुआ तो परिणाम भुगतने को रहे तैयार

Mehrdad Akhlaki Ketabchi Is Iran New Defense Minister: ईरान की संसद ने मेहरदाद अखलाकी केताबची को देश का नया रक्षा मंत्री नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने ब्रिगेडियर जनरल अजीज नासिरजादेह की जगह ली है, जिनकी फरवरी में अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों के दौरान मौत हो गई थी। रक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद केताबची ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने कोई और गलत कदम उठाया, तो ईरान की ओर से व्यापक और चौंकाने वाला जवाब दिया जाएगा।

ईरान की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान के मुताबिक, केताबची की योग्यता और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा के बाद उनके नाम को मंजूरी दी गई। मतदान में कुल 277 वोट पड़े, जिनमें से 237 उनके पक्ष में और 15 विरोध में थे। किसी भी सांसद ने मतदान से परहेज नहीं किया।

मिसाइल और हथियार निर्माण के क्षेत्र में रहा है अनुभव

ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के अनुसार, केताबची रक्षा उद्योग के अनुभवी अधिकारी हैं। वह इससे पहले ईरान के एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन और डिफेंस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख रह चुके हैं। इन संस्थानों में उन्होंने मिसाइल तकनीक और हथियारों के उत्पादन से जुड़े क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाली है।

अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से कथित संबंधों के कारण केताबची पर प्रतिबंध लगाए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2007 में उन्हें शहीद बाघेरी इंडस्ट्रियल ग्रुप से संबंधों के चलते अपनी प्रतिबंध सूची में शामिल किया था। यह समूह ठोस ईंधन से संचालित होने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास और निर्माण से जुड़ा है।

अमेरिका को दी व्यापक जवाब की चेतावनी

रक्षा मंत्री बनने के बाद केताबची ने अमेरिका को सीधे चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "अगर अमेरिकी दुश्मन ने कोई और गलत कदम उठाया, तो ईरानी राष्ट्र और इस्लाम के योद्धाओं की ओर से चौंकाने वाला और व्यापक जवाब मिलेगा। इसके क्षेत्रीय और वैश्विक परिणामों की पूरी जिम्मेदारी आतंकवादी अमेरिकी सरकार और उसके सहयोगियों की होगी।"

उन्होंने दावा किया कि 12 दिवसीय युद्ध के बाद से ईरान ने अपनी रक्षा क्षमताओं को बेहतर बनाने और आधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। केताबची के मुताबिक, इन बदलावों ने विरोधियों के आकलन और रणनीतिक गणनाओं को पूरी तरह बदल दिया है।

mehrdad akhlaki ketabchi
अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश, ऑनलाइन फैलाया जा रहा भारत विरोधी नफरत
mehrdad akhlaki ketabchi
फ्लाईदुबई के हीरो कैप्टन स्मित ने सुनाई अपनी आपबीती, कॉकपिट का दरवाजा खोलने से पहले उनके साथ क्या हुआ?

पहले कार्यवाहक रक्षा मंत्री को मिली थी जिम्मेदारी

अजीज नासिरजादेह की मौत के बाद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न अल रेजा को कार्यवाहक रक्षा मंत्री नियुक्त किया था। अब केताबची की नियुक्ति के साथ देश के रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी स्थायी रूप से नए मंत्री को सौंप दी गई है।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब ईरान की सैन्य क्षमताओं, बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और अमेरिका के साथ तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगाहें बनी हुई हैं। नए रक्षा मंत्री के बयान से संकेत मिलता है कि ईरान अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने और संभावित सैन्य कार्रवाई का जवाब देने की नीति पर जोर देता रहेगा।...एजेंसी इनपुट के साथ।

Navbharat Live
navbharatlive.com