

India Bloc March To Nirvachan Sadan: देश में चल रहे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR विवाद को लेकर आज विपक्षी पार्टियों ने मार्च करने का फैसला लिया है। मंगलवार की सुबह, विपक्षी नेता और सांसद दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय 'निर्वाचन सदन' तक मार्च करने वाले हैं। यह मार्च स्पेशल इंटेंसिव रिविजन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर है। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विपक्ष लगातार सरकार और चुनाव आयोग पर हमलावर है।
INDIA गठबंधन के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बीच राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
खबर है कि इंडिया गठबंधन की कई पार्टियों के नेता इस मार्च में शामिल होंगे और चुनाव आयोग के सामने अपनी बातें रखेंगे। यह विरोध प्रदर्शन विपक्ष के "लोकतंत्र बचाओ" अभियान के तहत किया जा रहा है। निर्वाचन सदन तक होने वाले इस मार्च से मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने की उम्मीद है। इससे पहले 5 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा था कि 'इंडिया' गठबंधन के तय कार्यक्रमों के तहत, सभी विपक्षी दलों के सांसद मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग तक शांतिपूर्ण मार्च करेंगे।
वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर विपक्ष CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में सभी प्रदेश कांग्रेस कमिटी अध्यक्षों और प्रभारियों की दो घंटे तक बैठक हुई। मार्च से पहले सभी विपक्षी सांसद सुबह 10:30 बजे मकर द्वार पर इकट्ठा होंगे। जिसके बाद सुबह 11 बजे, संसद भवन से चुनाव आयोग तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे।
8 अक्टूबर तक, INDIA गठबंधन की सभी पार्टियां जिला स्तर पर पदयात्राएं आयोजित करेंगी। प्रदर्शन और बैठकें भी होंगी। राज्य और जिला स्तर पर विपक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रमों में लोगों को वोट चोरी के मुद्दों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही मतदाताओं की जानकारी जुटाने पर की कोशिश की जाएगी जिनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं।
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिका के मामले में अंतरिम आदेश देने से इंकार कर दिया था। कोर्ट ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आदेश नहीं दे सकते हैं। साथ ही कोर्ट ने चुनाव आयोग को इस संबंध में नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा था कि खबर गलत या सही हो सकती है। याचिका में कहा गया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एकतरफा रूप से शक्तियों का प्रयोग किया।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद आज इंडिया ब्लॉक के नेताओं का निर्वाचन सदन तक मार्च है। इस दौरान विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेंगे।